← वापस
मध्यप्रदेश

एमडी ड्रग कनेक्शन की जांच में गुजरात पुलिस की थांदला में दबिश,कियोस्क संचालक गिरफ्तार; मुख्य आरोपी फरार  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
एमडी ड्रग कनेक्शन की जांच में गुजरात पुलिस की थांदला में दबिश,कियोस्क संचालक गिरफ्तार; मुख्य आरोपी फरार

 

थांदला। गुजरात के बड़ोदरा में 80 ग्राम एमडी ड्रग बरामद होने के मामले की जांच अब मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के थांदला तक पहुंच गई है। जांच के दौरान सामने आए वित्तीय लेनदेन के आधार पर गुजरात पुलिस ने सोमवार को थांदला में दबिश देकर एक कियोस्क संचालक को गिरफ्तार किया, जबकि मामले का मुख्य संदिग्ध आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में एक बार फिर ड्रग तस्करी के नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गुजरात के बड़ोदरा में पुलिस ने 80 ग्राम एमडी ड्रग के साथ समीर पठान नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी ने यह ड्रग थांदला निवासी जुबेर पठान से खरीदी थी। जांच में यह भी सामने आया कि ड्रग सौदे के एवज में 80 हजार रुपए का ऑनलाइन भुगतान थांदला के कियोस्क संचालक विशाल प्रजापति के बैंक खाते के माध्यम से किया गया था।

व्हाट्सएप चैट और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के साक्ष्यों के आधार पर गुजरात पुलिस की टीम थांदला पहुंची और विशाल प्रजापति को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। वहीं, पुलिस की भनक लगते ही संदिग्ध आरोपी जुबेर पठान फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

इधर, विशाल प्रजापति के परिजनों का कहना है कि उनके खाते का उपयोग केवल लेनदेन के लिए किया गया था और उसका ड्रग तस्करी से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। पुलिस पूरे मामले में बैंकिंग रिकॉर्ड, डिजिटल चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि झाबुआ जिले में पिछले कुछ समय से एमडी ड्रग से जुड़े मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। पिछले वर्ष मेघनगर की एक फैक्ट्री से करोड़ों रुपए की ड्रग बरामद होने के बाद से जांच एजेंसियां इस नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हैं।

थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश ने बताया कि कार्रवाई गुजरात पुलिस द्वारा की गई है। स्थानीय पुलिस जांच में सहयोग कर रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...