14.9 ग्राम एमडी के साथ पकड़े दो आरोपियों से पूछताछ में चंदननगर का मोहम्मद साजिद उर्फ राजा आया सामने
इंदौर। क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में बैकवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए कथित सप्लायर मोहम्मद साजिद उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक,17 सितंबर को एमआर-04 रोड पर इंदौर स्टील कंपनी के सामने 14.9 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ शादाब खान और साहिद अली शाह को पकड़ा गया था। आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स और इलेक्ट्रिक ऑटो समेत कुल 2.90 लाख रुपए का माल जब्त किया गया था।
रिमांड के दौरान पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि उन्होंने एमडी ड्रग्स साजिद से खरीदी थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चंदननगर निवासी साजिद को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट भी जोड़ी गई है।
पुलिस के अनुसार,साजिद आठवीं तक पढ़ा है और मकान मिस्त्री का काम करता है। उसके खिलाफ चंदननगर थाने में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत मारपीट और अन्य धाराओं में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
अब पुलिस उससे ड्रग्स के मुख्य स्रोत,अन्य खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। क्राइम ब्रांच के अनुसार,1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 70 मामलों में 147 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई में एमडी, गांजा, भांग, ब्राउन शुगर और कोकीन समेत करीब 3.86 करोड़ रुपए का मादक पदार्थ व वाहन जब्त किए गए हैं।