← वापस
मध्यप्रदेश

एमडीएम में पारदर्शिता पर सवाल, वायरल संदेशों से विभागीय कार्यप्रणाली चर्चा में  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
एमडीएम में पारदर्शिता पर सवाल, वायरल संदेशों से विभागीय कार्यप्रणाली चर्चा में

 

वाहन चालक की कथित सक्रियता और विभागीय आदेशों के व्हाट्सएप पर प्रसारित होने से उठे सवाल; कलेक्टर की कार्रवाई के बाद तेज हुई चर्चाएं

दमोह। जिले की मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना एक बार फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे संदेशों और विभागीय गतिविधियों को लेकर योजना की कार्यप्रणाली तथा प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल संदेशों में एमडीएम कार्यालय से जुड़े एक वाहन चालक की कथित सक्रियता को लेकर विभिन्न दावे किए जा रहे हैं। हालांकि इन संदेशों और दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले भी स्कूल निरीक्षण और निरीक्षण प्रतिवेदन से जुड़ी कुछ व्हाट्सएप चैट चर्चा में रही थीं। दावा किया गया था कि विभागीय निरीक्षण से संबंधित जानकारियां अनौपचारिक माध्यमों से साझा की जा रही थीं। हालांकि इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

इसी बीच 18 जुलाई को कलेक्टर प्रताप नारायण ने पटेरा विकासखंड के शासकीय एकीकृत प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला बमनपुरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मध्यान्ह भोजन संचालन में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित स्व-सहायता समूह को हटाकर वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। इससे पहले भी संबंधित समूहों को नोटिस जारी किए जा चुके थे।

कलेक्टर की कार्रवाई के बाद विभागीय आदेशों से जुड़े कुछ संदेश विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में वायरल हुए, जिनमें कथित तौर पर तीखी टिप्पणियां भी शामिल थीं। इसके बाद यह सवाल उठने लगे कि विभागीय आदेश और प्रशासनिक सूचनाएं अनौपचारिक माध्यमों से कैसे प्रसारित हो रही हैं। इन वायरल संदेशों की प्रामाणिकता की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

पूरा घटनाक्रम अब एमडीएम योजना की कार्यप्रणाली, सूचना के प्रवाह और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। यदि सक्षम स्तर पर जांच कराई जाती है तो पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। इस संबंध में एमडीएम प्रभारी प्रभुशंकर पांडेय से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...