← वापस
भोपाल

एमपी बोर्ड में फेल, दूसरी मार्कशीट में 95% अंक; फर्जी बोर्ड से नौकरी का खेल!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
एमपी बोर्ड में फेल, दूसरी मार्कशीट में 95% अंक; फर्जी बोर्ड से नौकरी का खेल!

 

शिवपुरी में 7 आंगनबाड़ी सहायिकाओं की नियुक्तियां खत्म, दतिया में भी संदिग्ध अंकसूचियों पर कार्रवाई; बोर्डों के अस्तित्व पर उठे सवाल

भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए फर्जी अंकसूचियों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी और दतिया में जांच के दौरान दूसरे राज्यों के ऐसे कथित शिक्षा बोर्डों की अंकसूचियां मिलीं, जिनके अस्तित्व पर ही सवाल खड़े हो गए। शिवपुरी में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में फेल अभ्यर्थी की दूसरी अंकसूची में 95 प्रतिशत अंक दर्ज मिले। इन दस्तावेजों के आधार पर आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्तियां हासिल की गई थीं। जांच के बाद शिवपुरी में सात सहायिकाओं को नौकरी से हटाया गया, जबकि दतिया में भी संदिग्ध नियुक्तियां निरस्त की गईं। इन मामलों ने भर्ती प्रक्रिया में दस्तावेजों के सत्यापन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एमपी बोर्ड में फेल, दूसरी मार्कशीट में 95 प्रतिशत अंक

शिवपुरी जिले के पोहरी क्षेत्र के अमरगढ़ में संजना यादव का आंगनबाड़ी सहायिका पद पर चयन हुआ था। नियुक्ति के लिए राजस्थान के कथित मुक्त विद्यालय शिक्षा परिषद, सूरतगढ़ की 12वीं की अंकसूची प्रस्तुत की गई, जिसमें 95 प्रतिशत अंक दर्ज थे। जांच में सामने आया कि संजना उसी वर्ष एमपी बोर्ड की नियमित परीक्षा में फेल हुई थी। रचना धाकड़ की 90.8 प्रतिशत अंक वाली अंकसूची पर भी संदेह हुआ। सूचना के अधिकार के तहत मिली जानकारी और राजस्थान के शिक्षा विभाग की जांच के अनुसार, सूरतगढ़ में इस नाम का कोई बोर्ड या संस्था अस्तित्व में नहीं मिली। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की 15 जून 2026 की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई हुई। संजना सहित कुल सात सहायिकाओं की नियुक्तियां समाप्त कर दी गईं।

दतिया में भी संदिग्ध अंकसूचियों से नियुक्तियां

दतिया में अधिवक्ता छोटू गौतम की शिकायत पर जांच शुरू हुई। एसटीएफ के एआईजी नवीन कुमार चौधरी के निर्देश के बाद कलेक्टर ने जांच दल गठित किया। जांच में महर्षि वाल्मीकि संस्कृत एवं योग शिक्षा संस्थान, उन्नाव/लखनऊ के नाम से प्रस्तुत 12वीं की अंकसूचियां फर्जी पाई गईं। इन अंकसूचियों के आधार पर हासिल की गई संदिग्ध नियुक्तियां निरस्त कर दी गईं।

खबरें और भी हैं...