← वापस
नई दिल्ली

एमपी के मुख्य सचिव की दिल्ली में बड़ी तैनाती, केंद्र ने सौंपी नीति आयोग के सीईओ की कमान  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
एमपी के मुख्य सचिव की दिल्ली में बड़ी तैनाती, केंद्र ने सौंपी नीति आयोग के सीईओ की कमान

 

मध्य प्रदेश में नए चीफ 

सेक्रेटरी के लिए तलाश  

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक हलकों में बड़ा फेरबदल करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को नीति आयोग का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के इस वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति का फैसला कैबिनेट की अपॉइंटमेंट्स कमेटी ने बुधवार को लिया। जारी आदेश के अनुसार वे कार्यभार संभालने के दिन से 2 वर्ष तक या फिर नए आदेश तक इस महत्वपूर्ण पद पर अपनी सेवाएं देंगे। उनकी नियुक्ति की शर्तें पूर्व सीईओ के समान ही रहेंगी।

     अनुराग जैन को देश के बुनियादी ढाँचे, उद्योग, निवेश और नीति निर्धारण जैसे क्षेत्रों में काम करने का लंबा अनुभव प्राप्त है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार में रहते हुए कई बड़े प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा है। उनकी इसी कार्यकुशलता और विकास केंद्रित सोच को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। नीति आयोग राज्यों के साथ तालमेल बनाने और आर्थिक प्राथमिकताओं को तय करने वाली देश की सबसे बड़ी संस्था है, जहाँ उनके अनुभव का सीधा लाभ राष्ट्रीय योजनाओं के अमल में देखने को मिलेगा।

मध्यप्रदेश को मिलेगा नया मुख्य सचिव

 दिल्ली में इस नई नियुक्ति के बाद मध्य प्रदेश की राज्य सरकार में भी नए मुख्य सचिव को लेकर हलचल तेज हो गई है। अनुराग जैन का कार्यकाल इस साल 30 सितंबर को पूरा होना था, लेकिन अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के चलते राज्य के सबसे बड़े प्रशासनिक पद के लिए नए नामों पर विचार शुरू हो चुका है। भोपाल के वल्लभ भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के बीच अगले संभावित चीफ सेक्रेटरी के नामों को लेकर चर्चाएं गरम हैं और जल्द ही राज्य सरकार नए नाम का औपचारिक ऐलान कर सकती है।

खबरें और भी हैं...