एसआईसीयू में हाईटेक सुविधा से गंभीर मरीजों को बार-बार स्ट्रेचर पर शिफ्ट करने की जरूरत होगी कम
इंदौर। महाराजा यशवंतराव अस्पताल (एमवाय) की सर्जिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (एसआईसीयू) में मरीजों की सुविधा और सुरक्षा के लिए 55 अत्याधुनिक ‘बेड्स ऑन व्हील्स’ उपलब्ध कराए गए हैं। इस सुविधा के बाद गंभीर मरीजों को ऑपरेशन थिएटर (ओटी), जांच या अन्य चिकित्सा प्रक्रियाओं के लिए बार-बार बेड से स्ट्रेचर पर शिफ्ट करने की जरूरत कम होगी।
नई व्यवस्था में मरीज को उसी बेड पर संबंधित स्थान तक ले जाया जा सकेगा। इससे गंभीर और संवेदनशील मरीजों को उठाने-बिठाने की प्रक्रिया कम होगी। साथ ही मरीज के स्थानांतरण में लगने वाला समय और स्टाफ की मेहनत भी कम होगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इससे उपचार प्रक्रिया अधिक सुगम और मरीज-केंद्रित बनाने में मदद मिलेगी।
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन एवं एमवाय अस्पताल के सीईओ डॉ. अरविंद घनघोरिया ने कहा कि मरीजों को आधुनिक और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। एसआईसीयू में 55 बेड्स ऑन व्हील्स शुरू होने से मरीजों को ओटी और जांच के लिए ले जाने में सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि एमवाय अस्पताल को प्रदेश का प्रमुख और देश के बेहतर अस्पतालों में शामिल करने के उद्देश्य से आधुनिक तकनीक और नई मशीनों से अपग्रेड किया जा रहा है। अस्पताल की कमियों को दूर करने के साथ शासन की जनहितकारी स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक सुचारु बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।