इंदौर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध एमवाय अस्पताल में सर्जरी मरीजों के उपचार को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर सर्जरी विभाग के नए स्टेप-डाउन आईसीयू का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव और सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद शुक्ला ने फीता काटकर किया।
नए स्टेप-डाउन आईसीयू के शुरू होने से ऑपरेशन के बाद गंभीर मरीजों को आधुनिक निगरानी,त्वरित उपचार और बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मरीजों की रिकवरी में तेजी आने के साथ उपचार व्यवस्था भी अधिक प्रभावी होगी।
उद्घाटन समारोह में पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. ब्रजेश लाहोटी, वर्तमान विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक लड्डा, न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. परेश सोदिया, सर्जरी विभाग के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ चिकित्सक तथा नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे। चिकित्सकों ने इसे एमवाय अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।