20 से ज्यादा झांकियां और 10 अखाड़े होंगे शामिल; 108 फीट की राधा-कृष्ण झांकी बनेगी आकर्षण, 500 से ज्यादा जवान संभालेंगे सुरक्षा
धार। अनंत चतुर्दशी की रात एक बार फिर धार की सड़कों पर पुरानी परंपरा और उत्सव का रंग दिखाई देगा। 25 सितंबर को शहर में झांकियों का कारवां निकलेगा। धार्मिक, देशभक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण के संदेश देती झांकियों के साथ अखाड़ों के पहलवान करतब दिखाएंगे। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे इस आयोजन को देखने के लिए शहर ही नहीं, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग पहुंचेंगे।
हालांकि आर्थिक तंगी का असर इस परंपरा पर साफ दिखाई दे रहा है। कभी दर्जनों स्थानों से निकलने वाली झांकियों में से कई समितियों ने बढ़ते खर्च के कारण आयोजन बंद कर दिया है। झांकी निर्माण, सजावट, लाइटिंग, कलाकार, वाहन और अन्य व्यवस्थाओं का खर्च लगातार बढ़ने से समितियों के सामने चुनौती है। इसके बावजूद दशकों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने वाली समितियां इस बार भी मैदान में हैं।
1937 से जारी परंपरा
ब्रह्माकुंडी की सार्वजनिक गणेशोत्सव सेवा समिति 1937 से चल समारोह में शामिल हो रही है। समिति से जुड़ा नायक परिवार की पांचवीं-छठी पीढ़ी भी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। बुजुर्ग बताते हैं कि शुरुआती दौर में बैलगाड़ी पर लालटेन लगाकर झांकी निकाली जाती थी।
108 फीट की झांकी आकर्षण
श्री चिंतामण गणपति मंदिर समिति की 108 फीट लंबी झांकी इस बार प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसमें राधा-कृष्ण की रासलीला और मीरा की कृष्ण आराधना को दर्शाया जाएगा। दो माह से तैयारियां चल रही हैं। केवलश्री परिवार भगवान शिव पर आधारित झांकी निकालेगा, जबकि विजयश्री स्पोर्ट्स क्लब की झांकी में मत्स्य अवतार के साथ गुजरात और महाराष्ट्र के नृत्य होंगे।
500 से ज्यादा जवान संभालेंगे मोर्चा
चल समारोह के दौरान 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। एक कंपनी बल, एक दर्जन से अधिक टीआई तथा डीएसपी-सीएसपी स्तर के अधिकारी व्यवस्था संभालेंगे। ड्रोन और ऊंची इमारतों से निगरानी होगी। बैठक में समितियों से शांतिपूर्ण आयोजन और निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने की अपील की गई है।