← वापस
इंदौर

फिरोज खान के नाम-बेनामी 38 संपत्तियां! बाजार कीमत 35.46 करोड़, लोकायुक्त की जांच में अब तक 15.52 करोड़ का खर्च सामने आया!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
फिरोज खान के नाम-बेनामी 38 संपत्तियां! बाजार कीमत 35.46 करोड़, लोकायुक्त की जांच में अब तक 15.52 करोड़ का खर्च सामने आया!

 

इंदौर। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के खिलाफ लोकायुक्त की जांच में संपत्तियों को लेकर बड़े खुलासे हुए हैं। 14 अक्टूबर को शुरू हुई सर्च कार्रवाई के बाद 16 अक्टूबर तक की जांच में आरोपी, उसके परिवार, सहयोगियों और फर्म के नाम पर 38 अचल संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। इन संपत्तियों की सरकारी गाइडलाइन के अनुसार कीमत 12.97 करोड़ रुपए, जबकि अनुमानित बाजार कीमत 35.46 करोड़ रुपए आंकी गई है।

लोकायुक्त के मुताबिक, जांच में देवास जिले में सहयोगियों और परिचितों के नाम पर कृषि भूमि और भूखंड खरीदे जाने की जानकारी भी मिली है। इनमें रोशनी वर्मा के नाम राजोदा में 1.15 हेक्टेयर कृषि भूमि, साहिल ट्रेडिंग कंपनी के नाम शक्तिनगर कॉलोनी में 1250 वर्गफीट का भूखंड, नफीस खान के नाम शालीमार कॉलोनी में प्लॉट और रानु कुशवाह के नाम लोहाना में 0.305 हेक्टेयर कृषि भूमि शामिल हैं। इन चार संपत्तियों का रजिस्ट्री में दर्ज कुल मूल्य करीब 78.63 लाख रुपए है।

  सहयोगियों के नाम पर भी संपत्तियां

लोकायुक्त की जांच में अब तक चल-अचल संपत्तियों पर कुल 15.52 करोड़ रुपए खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में विभिन्न विभागों से जानकारी जुटाने के लिए पत्र भी भेजे गए हैं। कार्रवाई महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा डीआईजी मनोज कुमार सिंह और इंदौर लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के मार्गदर्शन में की गई।

जांच एजेंसी अब संपत्तियों के दस्तावेजों, खरीद के स्रोत और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्तियों के संबंध में अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

खबरें और भी हैं...