← वापस
इंदौर

फिरोज खान की संपत्ति का आंकड़ा 21.65 करोड़ पहुंचा, 51 अचल संपत्तियां मिलीं!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
फिरोज खान की संपत्ति का आंकड़ा 21.65 करोड़ पहुंचा, 51 अचल संपत्तियां मिलीं!

 

देवास में 2.30 करोड़ की कृषि भूमि का भी पता चला, बाजार भाव से कुल संपत्तियों की कीमत 68 करोड़ से ज्यादा आंकी

इंदौर। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के खिलाफ लोकायुक्त की सर्च कार्रवाई में संपत्तियों को लेकर नए खुलासे हुए हैं। 24 अक्टूबर 2026 तक की जांच में उनकी चल-अचल संपत्तियों का कुल मूल्य 21 करोड़ 65 लाख 39 हजार रुपए आंका गया है। अब तक जांच में 51 अचल संपत्तियां सामने आई हैं, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 68 करोड़ 1 लाख 90 हजार रुपए अनुमानित है।

लोकायुक्त पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और इंदौर पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में 14 अक्टूबर को फिरोज खान के विभिन्न आवासों और अन्य ठिकानों पर सर्च कार्रवाई की गई थी।

    जांच के दौरान देवास जिले के राजोदा में पहले सामने आई कृषि भूमियों के अतिरिक्त एक और जमीन का पता चला। यह 1.15 हेक्टेयर भूमि रोशनी वर्मा और रानू कुशवाह के नाम पर 11 जून 2024 को पटवारी हल्का नंबर 68 में खरीदी गई थी। इसकी रजिस्ट्री में दर्ज कीमत 1 करोड़ 65 लाख 2 हजार 498 रुपए है, जबकि बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपए आंका गया है।

  लोकायुक्त के मुताबिक, अब तक सामने आई 51 अचल संपत्तियों की गाइडलाइन के अनुसार क्रय कीमत 19 करोड़ 94 लाख 55 हजार रुपए है। वहीं, इनकी वर्तमान बाजार कीमत 68 करोड़ रुपए से अधिक होने का अनुमान है। मामले में आगे की विवेचना जारी है और जांच के दौरान संपत्तियों से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...