लोकायुक्त की सर्च में 65.71 करोड़ की बाजार कीमत वाली संपत्तियों का अनुमान; देवास के दो प्लॉट और बैंक खातों में जमा रकम भी जांच के दायरे में
इंदौर। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के खिलाफ लोकायुक्त की आय से अधिक संपत्ति संबंधी जांच में नए तथ्य सामने आए हैं। देवास में प्लॉटों के साथ पिपलरावां-सोनकच्छ क्षेत्र में लकड़ी की आरा मशीन का भी पता चला है। जांच में अब तक 50 अचल संपत्तियां सामने आई हैं, जिनकी अनुमानित वर्तमान बाजार कीमत 65 करोड़ 71 लाख 90 हजार 768 रुपए आंकी गई है।
लोकायुक्त पुलिस ने 14 अक्टूबर 2026 को फिरोज खान के विभिन्न आवासों और अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। 23 अक्टूबर तक की जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, अब तक कुल चल-अचल संपत्ति का मूल्य 20 करोड़ 36 हजार 570 रुपए बताया गया है। इन संपत्तियों की गाइडलाइन कीमत 18 करोड़ 29 लाख 53 हजार 362 रुपए है, जबकि अनुमानित बाजार कीमत इससे कई गुना अधिक है।
देवास में दो प्लॉट, बाजार कीमत 60 लाख से ज्यादा
जांच में देवास के सीनियर राधागंज स्थित आदर्श कॉलोनी में दो प्लॉटों की जानकारी मिली है। प्लॉट नंबर 16ए का क्षेत्रफल 958 वर्गफीट और प्लॉट नंबर 45 का क्षेत्रफल 1060 वर्गफीट है। ये दोनों भूखंड साहिल ट्रेडिंग कंपनी के नाम क्रमशः 8 लाख 74 हजार 400 रुपए और 9 लाख 32 हजार 639 रुपए में खरीदे गए थे। दोनों की वर्तमान बाजार कीमत 60 लाख 54 हजार रुपए आंकी गई है।
बैंक खातों में 19.76 लाख, आरा मशीन भी जांच में
बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार,महाराजा रियल एस्टेट के खाते में 9 लाख 70 हजार 159 रुपए जमा मिले हैं। जांच में अब तक विभिन्न बैंक खातों में कुल 19 लाख 76 हजार 541 रुपए जमा होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा देवास के पिपलरावां-सोनकच्छ क्षेत्र में लकड़ी की आरा मशीन होने का पता चला है, जिसे 6 लाख रुपए में फिरोज खान की माता वहीदा खान के नाम खरीदा गया था।
लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। मामले में संपत्तियों और उनके स्रोतों की जांच जारी है।वहीं लोकायुक्त कार्यवाही के बाद रोज नए खुलासे हो रहें हैं।