मारपीट, लूट, हत्या के प्रयास समेत दर्ज हैं 27 से ज्यादा केस; एनएसए की कार्रवाई झेल चुका बदमाश, जम्मू-कश्मीर के फर्जी लाइसेंस से हथियार लेने का खुलासा
इंदौर। शहर के कुख्यात और आदतन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सदर बाजार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 27 से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित बदमाश अनवर कादरी उर्फ 'डकैत' को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। करीब एक साल से फरार चल रहा आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंकता रहा, लेकिन लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से गुरुवार को उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक,फरवरी 2025 में आरोपी ने फरियादी जावेद खान के घर में लाइसेंसी बंदूक लेकर जबरन घुसकर मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस के हाथ बड़ा खुलासा लगा। जांच में सामने आया कि आरोपी ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से जारी फर्जी शस्त्र लाइसेंस के आधार पर हथियार हासिल किया था। इसके बाद सदर बाजार थाने में आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी, जालसाजी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अनवर कादरी उर्फ 'डकैत' के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में मारपीट,बलवा, अवैध हथियार रखने,लूट,हत्या और हत्या के प्रयास जैसे 27 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। थाना बाणगंगा के दो अन्य मामलों में भी वह लंबे समय तक फरार रहा। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ पहले राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से फर्जी शस्त्र लाइसेंस नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए हथियार हासिल करने में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त नरेंद्र सिंह रावत, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित केरकट्टा तथा सहायक पुलिस आयुक्त अशोक सिंह जादौन के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पप्पू लाल शर्मा,उप निरीक्षक जयेन्द्र दत्त शर्मा, प्रधान आरक्षक सुधीर राय और आरक्षक कृष्ण कुमार त्रिपाठी की सराहनीय भूमिका रही।