← वापस
धार

फोरलेन पर ओवरटेक का खौफनाक अंजाम: यात्री बस ने स्कूल बस को मारी जोरदार टक्कर, छात्रा समेत 19 घायल

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
फोरलेन पर ओवरटेक का खौफनाक अंजाम: यात्री बस ने स्कूल बस को मारी जोरदार टक्कर, छात्रा समेत 19 घायल

ट्रक को ओवरटेक करने के फेर में बिगड़ा संतुलन; दोनों बसों में मची चीख-पुकार, 7 घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया

धार। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर गुरुवार सुबह ओवरटेक की कोशिश ने बड़ा हादसा करा दिया। ग्राम पीपलखेड़ा के पास तेज रफ्तार निजी यात्री बस ने स्कूल बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा समेत दोनों बसों में सवार 19 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना सुबह करीब 9 बजे नौगांव थाना क्षेत्र में हुई। गौतम स्कूल की बस (एमपी-11 पी-0311) विद्यार्थियों को लेने घाटाबिल्लोद की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी यात्री बस (एमपी-11 जेडएफ-3137) ने स्कूल बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि स्कूल बस के आगे ट्रक चल रहा था। पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण यात्री बस स्कूल बस से जा भिड़ी।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बसों में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस, डायल-112 सहित अन्य पुलिस वाहन मौके पर पहुंचे। घायलों को निजी वाहनों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया।

19 घायल, 7 को किया भर्ती

सिविल सर्जन मुकुंद बर्मन के अनुसार जिला अस्पताल में कुल 19 घायलों को लाया गया। इनमें 15 महिलाएं, एक छात्रा और तीन पुरुष शामिल हैं। अधिकांश घायलों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सात लोगों को निगरानी और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।

फोरलेन पर ओवरटेक का खौफनाक अंजाम: यात्री बस ने स्कूल बस को मारी जोरदार टक्कर, छात्रा समेत 19 घायल - 2

कलेक्टर-एसपी अस्पताल पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फोरलेन पर ओवरटेक का खौफनाक अंजाम: यात्री बस ने स्कूल बस को मारी जोरदार टक्कर, छात्रा समेत 19 घायल - 3

ओवरटेक के दौरान जगह नहीं मिली

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल बस के आगे ट्रक चल रहा था। पीछे से आ रही यात्री बस ने ट्रक और स्कूल बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन पर्याप्त जगह नहीं मिलने से यात्री बस स्कूल बस से टकरा गई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...