इंदौर। रेलवे की लग्जरी यात्रा सुविधा पर सवाल खड़ा करने वाली घटना सामने आई है। ट्रेन नंबर 19308 हिमाचल-इंदौर एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रहे एक बुजुर्ग यात्री को चूहे ने नाक पर काट लिया। यात्री ने घटना की जानकारी रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को एक्स के जरिए दी है। घटना आगरा मंडल क्षेत्र में होने की जानकारी सामने आई है।
यात्री ने चंडीगढ़ से फर्स्ट एसी में यात्रा शुरू की थी। सफर के दौरान केबिन में चूहे ने उन्हें काट लिया। घटना के बाद यात्री ने रेलवे की साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
रेलवे ने बताया- संभव है स्टेशन पर घुसा हो चूहा
मामले में रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि ट्रेन इंदौर और हिमाचल के बीच संचालित होती है। इंदौर मंडल से ट्रेन को रवाना करने से पहले कोच की साफ-सफाई, मेंटेनेंस और पेस्ट कंट्रोल कराया जाता है।
अधिकारी के अनुसार, सफर के दौरान किसी स्टेशन पर ट्रेन रुकने के समय चूहा कोच में प्रवेश कर गया हो और इसके बाद यह घटना हुई हो सकती है। रेलवे पूरे मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।
फर्स्ट एसी कोच को रेलवे की सबसे प्रीमियम श्रेणियों में माना जाता है। ऐसे में इस श्रेणी में यात्री के साथ चूहे के काटने की घटना ने साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।