शास्त्री ब्रिज से रीगल चौराहा और जवाहर मार्ग तक चला अभियान, स्टैंड-ओटले भी हटाए
इंदौर। शहर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम ने सोमवार को बड़े स्तर पर कार्रवाई की। आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर रिमूवल विभाग की टीम ने प्रमुख मार्गों पर दुकानों के बाहर सामान रखकर कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 टन से अधिक सामग्री जब्त की।
पहली कार्रवाई शास्त्री ब्रिज से रिवर साइड और मृगनयनी चौराहे से रीगल चौराहे तक की गई। यहां सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर रास्ता घेरने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्टैंड सहित करीब 6 टन सामग्री जब्त की गई। टीम ने दुकानों के बाहर बनाए गए अवैध स्टैंड,ओटले और अन्य अस्थायी अतिक्रमण भी हटाए।

इसके बाद निगम की टीम ने जवाहर मार्ग से राजमोहल्ला चौराहे तक अभियान चलाया। यहां भी सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर व्यापार करने वालों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 3 टन सामग्री जब्त की गई।
आवागमन सुगम बनाने पर जोर

नगर निगम के मुताबिक कार्रवाई का उद्देश्य प्रमुख सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण से मुक्त कराना और आम लोगों के लिए आवागमन सुगम बनाना है। दुकानों के बाहर सामान फैलाने से सड़कें संकरी होने के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है। इसी को देखते हुए निगम ने कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।
कार्रवाई के दौरान सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे सहित रिमूवल विभाग का अमला मौजूद रहा।