इंदौर। नंदानगर में शादी-पार्टियों में इस्तेमाल होने वाली फायर मशीन से दादा और उनका 12 वर्षीय पोता झुलसने के मामले में कलेक्टर शिवम वर्मा ने सख्ती दिखाई है। कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने फायर मशीन बेचने वाली दुकान को सील कर दिया। एसडीएम निधि वर्मा के नेतृत्व में तहसीलदार निधि धाकड़ ने यह कार्रवाई की।
घटना रविवार शाम परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नंदानगर की है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र निवासी रमेशचंद्र जायसवाल अपने 12 वर्षीय पोते रुद्र को फुटबॉल दिलाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान अचानक आई आग की चिंगारी की चपेट में आने से दोनों झुलस गए। रमेशचंद्र के दोनों हाथों के बाल झुलस गए, जबकि रुद्र के दोनों हाथ, चेहरा, गला और आंखों के आसपास गंभीर चोटें आईं।
रमेशचंद्र ने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि पड़ोस में रहने वाला तुषार कोली, जो इवेंट का काम करता है,नई मशीन खरीदकर लाया था। वह घर के बाहर मशीन चलाकर उसकी जांच कर रहा था। इसी दौरान निकली आग की चिंगारी से दादा-पोता उसकी चपेट में आ गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुषार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद प्रशासन ने फायर सुरक्षा को लेकर कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान को सील किया। घटना ने रिहायशी इलाकों में ऐसी मशीनों के इस्तेमाल और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।