← वापस
इंदौर

फायर सेफ्टी में लापरवाही पर उपयंत्री को शोकॉज,आयुक्त ने जोनवार कसा शिकंजा  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
फायर सेफ्टी में लापरवाही पर उपयंत्री को शोकॉज,आयुक्त ने जोनवार कसा शिकंजा

 

रेन वाटर हार्वेस्टिंग की जियोटैगिंग अनिवार्य; निजी हाइड्रेंट पर रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाने के निर्देश, यातायात बाधाओं की भी होगी पहचान

इंदौर। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सोमवार को सिटी बस कार्यालय में विभागवार समीक्षा बैठक लेकर फायर सेफ्टी, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, यातायात, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सीएम हेल्पलाइन, इंदौर 311 एप, जलप्रदाय और ड्रेनेज व्यवस्था की जोन-वार समीक्षा की। बैठक में फायर सेफ्टी कार्य में लापरवाही सामने आने पर वार्ड क्रमांक 50 के उपयंत्री नितेश बोयत को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

 आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक वार्ड के व्यावसायिक भवनों का सर्वे कर उनकी श्रेणी के अनुसार फायर सेफ्टी प्रावधानों की जांच की जाए। जहां नियमों का पालन नहीं हो रहा है, वहां नियमानुसार नोटिस और कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी उपयंत्रियों को अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

    बारिश का पानी सहेजने पर जोर

रेन वाटर हार्वेस्टिंग की समीक्षा में आयुक्त ने अब तक किए गए कार्यों की अनिवार्य जियोटैगिंग कराने को कहा। इससे सिस्टम का रिकॉर्ड और उसकी निगरानी ऑनलाइन स्तर पर की जा सकेगी। निजी हाइड्रेंट और अन्य जलस्रोतों की समीक्षा करते हुए वहां रिचार्ज स्ट्रक्चर तैयार कराने के निर्देश भी दिए।

   शिकायतों का समय पर निराकरण

सीएम हेल्पलाइन, इंदौर 311, जन विश्वास अभियान और जलप्रदाय से जुड़ी लंबित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने को कहा गया। जोनल कार्यालयों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, समग्र आईडी सहित नागरिक सेवाओं के लिए लोगों को परेशान नहीं होना चाहिए।

   सड़क पर बाधा मिली तो होगी कार्रवाई

यातायात व्यवस्था की समीक्षा में प्रमुख और संपर्क मार्गों पर बाधा वाले स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। सड़क के ऊंचे चेंबर, लेफ्ट टर्न पर बिजली के पोल, डीपी सहित अन्य अवरोधों को दूर कर यातायात सुगम बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में अपर आयुक्त, विभाग प्रमुख, जोनल अधिकारी और इंजीनियरिंग अमला मौजूद रहा।

खबरें और भी हैं...