संस्कृति ग्रुप के मालिक थे, इंदौर में कई कॉलोनियां और प्रोजेक्ट किए विकसित; आत्महत्या का कारण फिलहाल अज्ञात
इंदौर। शहर के रियल एस्टेट कारोबारी और संस्कृति ग्रुप के मालिक संदीप उर्फ बंटी नागर ने रविवार को गुलमोहर कॉलोनी स्थित अपने मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पलासिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
बंटी नागर इंदौर के प्रमुख प्रॉपर्टी कारोबारियों में शामिल बताए जाते थे। उन्होंने शहर में कई कॉलोनियों और रियल एस्टेट प्रोजेक्ट विकसित किए थे। बताया जा रहा है कि उनके कुछ प्रोजेक्ट में अभी भी विकास कार्य चल रहे हैं। घटना के बाद उनके परिचितों और कारोबार से जुड़े लोगों में भी चर्चा का दौर शुरू हो गया।
पुलिस के अनुसार,फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। घटनास्थल से किसी तरह का सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही कारोबारी से जुड़े प्रोजेक्ट, आर्थिक गतिविधियों और अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आने की संभावना है।