खजराना में रात से दर्शन की कतार, सात करोड़ के मुकुट और हीरे जड़े नेत्रों से सजे बप्पा ने मोहा मन; बड़ा गणपति के भव्य श्रृंगार से लेकर गली-मोहल्लों के पंडालों तक गूंजे जयकारे
इंदौर। गणेश चतुर्थी पर सोमवार को पूरा इंदौर गणपति भक्ति में डूबा नजर आया। सुबह होते ही शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। खजराना गणेश मंदिर में तो रात से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह तक मंदिर परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजता रहा। घरों से लेकर बाजारों, मंदिरों और पंडालों तक हर तरफ उत्सव का रंग नजर आया।

खजराना गणेश ने सोमवार को विशेष श्रृंगार में भक्तों को दर्शन दिए। बप्पा ने सात करोड़ रुपए के स्वर्ण मुकुट और हीरे जड़े नेत्र धारण किए। यह दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। मंदिर में ध्वजा पूजन, स्वर्ण आभूषण समर्पण और मोदक का भोग लगाकर 12 दिवसीय उत्सव की शुरुआत हुई। श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी दर्शन कराए गए। कलेक्टर शिवम वर्मा और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित अधिकारियों ने मंदिर समिति और पुजारियों के साथ ध्वजा पूजन किया।
बड़ा गणपति का श्रृंगार बना आकर्षण
पश्चिमी क्षेत्र के बड़ा गणपति मंदिर में भगवान का विशेष चोला श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। कई दिनों से चल रहे श्रृंगार के बाद सोमवार को बप्पा का भव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के सामने आया। जूनी इंदौर के प्राचीन गणेश मंदिरों, सिलावटपुरा के आंकड़ावाले गणेशजी और मल्हारगंज थाने के सामने स्थित छोटा गणपति मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
घर-घर विराजे बप्पा, पंडालों में उत्सव
गणेश प्रतिमाएं लेने के लिए परिवार बच्चों के साथ बाजारों में पहुंचे। कोई बप्पा को सिर पर तो कोई हाथों में लेकर घर लौटता दिखाई दिया। घरों के अलावा दुकानों, कार्यालयों, उद्योगों, स्कूल-कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों में भी गणेश स्थापना हुई। शाम होते-होते गली-मोहल्लों, रहवासी संघों और बहुमंजिला इमारतों में पंडाल सज गए। स्थापना के दौरान ढोल-ताशों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रमुख बाजारों और मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से यातायात का दबाव भी नजर आया।
मंदिरों और पंडालों में कहीं सहस्रार्चन तो कहीं अथर्वशीर्ष के पाठ हुए। मरीमाता मंदिर, गीता भवन, हंसदास मठ, विद्याधाम और श्रीराम मंदिर पंचकुइया सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी गणेश जन्मोत्सव की धूम रही।
खाकी में भक्ति, जवानों ने दी बप्पा को सलामी
प्रथम बटालियन और पुलिस से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी भी गणेश उत्सव के रंग में नजर आए। रिवर साइड रोड से गणेश प्रतिमा लेकर जवान गाजे-बाजे के साथ डीआरपी लाइन पहुंचे। खाकी वर्दी में जवानों ने बप्पा को सलामी दी। वहीं होलकरकालीन परंपरा की झलक भी देखने को मिली, जब गणेश प्रतिमा को पालकी में ले जाकर स्थापित किया गया।
काले पत्थर के बप्पा का नोटों से श्रृंगार
समाजवादी इंदिरा नगर स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में काले पत्थर की गणेश प्रतिमा का अनूठा श्रृंगार किया गया। प्रतिमा को 500, 200 और 50 रुपए के नोटों से सजाया गया। जड़ी-बूटियों और फलों के रस से अभिषेक के बाद छप्पन भोग और केसरिया भात का भोग लगाया गया। श्रीफल सिद्धि विनायक गणेशधाम जूनी इंदौर में भी 12 दिवसीय आयोजन शुरू हुआ।

राजवाड़ा से निगम तक बप्पा की अगवानी
नगर निगम परिसर में भी गणपति बप्पा विराजे। राजवाड़ा से बैंड-बाजे के साथ गणेश प्रतिमा को जुलूस के रूप में निगम प्रांगण लाया गया। प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर, सामान्य प्रशासन विभाग प्रभारी एवं गणेश उत्सव समिति अध्यक्ष नंदकिशोर पहाड़िया और एमआईसी सदस्य अश्विनी शुक्ल ने विधि-विधान से पूजन कर प्रतिमा की स्थापना की। जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों ने शहरवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की।