सात दिन आराम के साथ महावत-चाराकटर का भी मेडिकल चेकअप, खेल प्रतियोगिताओं से बढ़ेगा आपसी जुड़ाव
भोपाल। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में हाथियों की सेहत और कल्याण के लिए सात दिवसीय ‘हाथी महोत्सव’ शुरू हो गया है। 14 सितंबर को कामती परिक्षेत्र के खरेर कैंप में फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने महोत्सव का शुभारंभ किया। आयोजन 20 सितंबर तक चलेगा।
महोत्सव में रिजर्व के छह हाथियों को नियमित गश्ती और वन्यजीव प्रबंधन कार्यों से विश्राम देकर विशेष देखभाल दी जा रही है। उन्हें गन्ना, मक्का, नारियल और मौसमी फलों से पौष्टिक आहार मिलेगा। रोज नीम और अरंडी के तेल से मालिश भी की जाएगी।
सात दिनों में हाथियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण, लंबाई-ऊंचाई का मापन और जरूरत के अनुसार दांतों की ट्रिमिंग होगी। जबलपुर के वन्यजीव स्वास्थ्य एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञ इसमें सहयोग करेंगे। वहीं महावत और चाराकटर का मेडिकल चेकअप, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां भी होंगी। समापन पर कबड्डी और रस्साकशी प्रतियोगिता होगी। आयोजन का उद्देश्य हाथियों को आराम और बेहतर स्वास्थ्य देने के साथ उनके और महावत-चाराकटर के बीच वर्षों पुराने विश्वास व आत्मीय संबंध को मजबूत करना है।