← वापस
इंदौर

गरीबों के ठेले जब्त करने पर कांग्रेस का हल्लाबोल, पार्षद पर प्राथमिकी से भड़के चिंटू चौकसे!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
गरीबों के ठेले जब्त करने पर कांग्रेस का हल्लाबोल, पार्षद पर प्राथमिकी से भड़के चिंटू चौकसे!

 

चौकसे बोले—गरीबों की आवाज उठाने की मिली सजा; कुणाल सोलंकी ने निगम कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश का लगाया आरोप

इंदौर। नगर निगम की कार्रवाई और कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के मामले में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और पार्षद कुणाल सोलंकी ने पत्रकार वार्ता कर महापौर और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गरीब ठेला संचालकों के पक्ष में आवाज उठाने पर पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की गई।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि शहर में सड़क, जलभराव, गंदे पानी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हॉकर्स जोन के नाम पर गरीबों को हटाया जा रहा है। 24 तारीख की रात अंदरूनी गलियों में सब्जी बेचने वाले ठेला संचालकों के ठेले जब्त किए गए। सोलंकी ने इसका विरोध किया तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी गई।

चौकसे ने कहा कि घटना के दो दिन बाद प्राथमिकी दर्ज होना कार्रवाई की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के दबाव में कार्रवाई हुई। कांग्रेस इस मामले में पुलिस उपायुक्त से जांच की मांग करेगी। उन्होंने निगम की पीली गैंग पर ठेला संचालकों से वसूली किए जाने के आरोप भी लगाए।

कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश का आरोप

पार्षद कुणाल सोलंकी ने आरोप लगाया कि दीपावली के दौरान ठेला संचालकों का सामान फेंककर उनके ठेले जब्त किए गए। विरोध करने पर निगम कर्मचारी मोहित दुबे और जयेश वर्धन ने उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। सोलंकी के मुताबिक, गरीब ठेला संचालक दिनभर में एक हजार रुपये भी नहीं कमा पाते, जबकि निगम पांच हजार रुपये तक का चालान वसूलता है। उन्होंने कहा कि स्वयं शिकायत देने के बावजूद उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई, उलटे उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया गया।

खबरें और भी हैं...