इंदौर। गरबा पंडाल के पास रास्ता रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। एमआईजी थाना क्षेत्र की कृष्णबाग कॉलोनी में हुए विवाद के बाद कथित तौर पर रिटायर्ड सैन्य अधिकारी ने लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से घायल रक्षित चौबे की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी नीरज राणे और उनके बेटे केशव राणे को गिरफ्तार कर लिया है।
रास्ता ब्लॉक होने पर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, केशव राणे अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ता ब्लॉक होने की बात को लेकर उनका रक्षित चौबे से विवाद हो गया। इसके बाद केशव ने अपने पिता नीरज राणे को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि इसके बाद नीरज राणे लाइसेंसी पिस्तौल लेकर गरबा पंडाल के पास पहुंचे और फायरिंग कर दी। गोली रक्षित के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस ने की कार्रवाई
घायल रक्षित को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, उन्हें बचाया नहीं जा सका। युवक की मौत की खबर से परिजनों में शोक छा गया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नीरज राणे और केशव राणे को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी रिटायर्ड सैन्य अधिकारी
पुलिस अधिकारी हिमानी मिश्रा के अनुसार, नीरज राणे सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी हैं और उनकी तैनाती मणिपुर में रही थी। मामले में पहले भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। रक्षित की मौत के बाद मर्ग कायम कर प्रकरण में आवश्यक धाराएं बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।