वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई हीरानगर पुलिस, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज; नगर अध्यक्ष ने थमाया नोटिस
इंदौर। कनकेश्वरी गरबा पंडाल में प्रवेश को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी और राजनीतिक मोड़ ले चुका है। 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ कथित अभद्रता और धक्का-मुक्की के मामले में हीरानगर पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने भी चौहान को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
घटना गुरुवार रात विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-2 स्थित कनकेश्वरी गरबा पंडाल की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बालिका अपने परिजनों के साथ गरबा खेलने पहुंची थी, लेकिन उसे प्रवेश नहीं दिया गया। इसी बात को लेकर आयोजन की व्यवस्था संभाल रहे लोगों और बालिका के साथ आए परिजनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
वीडियो में धक्का देते दिखे
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कमल चौहान बैरिकेडिंग पार कर बालिका के पास पहुंचते और उसे पकड़कर धक्का देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे बालिका से 'तू हट जा यहां से' कहते सुनाई देते हैं। इस पर बालिका उनके व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए इसे गलत बताती है और पुलिस में शिकायत करने की बात कहती है।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस
वीडियो सामने आने के बाद हीरानगर पुलिस ने बालिका और उसके परिजनों की तलाश की। इसके बाद शिकायत के आधार पर शनिवार को कमल चौहान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पार्टी ने भी मांगा जवाब
मामले में भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कमल चौहान को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।