← वापस
इंदौर

गरबा पंडालों से भजन संध्या तक पहरा देंगी शक्ति मोबाइल, महिलाओं की सुरक्षा के लिए 15 वाहन रवाना!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
गरबा पंडालों से भजन संध्या तक पहरा देंगी शक्ति मोबाइल, महिलाओं की सुरक्षा के लिए 15 वाहन रवाना!

 

मनचलों और संदिग्धों पर रहेगी नजर, परेशानी होने पर 70491-24444 पर करें संपर्क

इंदौर। नवरात्रि में महिलाएं और युवतियां बेखौफ होकर गरबा कर सकें और धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें, इसके लिए इंदौर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सोमवार को पलासिया स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय से महिला पुलिसकर्मियों सहित शक्ति मोबाइल की 15 टीमों को रवाना किया। ये टीमें शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गरबा पंडालों, भजन संध्या, कन्या पूजन और भंडारे सहित धार्मिक आयोजनों के आसपास लगातार पेट्रोलिंग करेंगी।

प्रत्येक टीम में एक महिला उपनिरीक्षक या निरीक्षक प्रभारी, दो महिला आरक्षक और दो पुरुष आरक्षक शामिल रहेंगे। चार पहिया वाहनों से तैनात ये टीमें विशेष रूप से रात के समय सक्रिय रहेंगी। मनचलों, छेड़छाड़ करने वालों, नशा करने वाले असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

पुलिसकर्मी आयोजन स्थलों पर मौजूद महिलाओं, युवतियों और महिला आयोजकों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानेंगे। किसी भी परेशानी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने टीमों को महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

  महिला हेल्पलाइन नंबर जारी

महिलाओं और युवतियों की सहायता के लिए पुलिस ने 70491-24444 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। किसी भी तरह की परेशानी होने पर इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और शक्ति मोबाइल में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...