भरी टंकियों से 1-2 किलो गैस निकालकर दूसरी में भरते थे,ब्लैक में बेचकर कमा रहे थे मुनाफा; विजय नगर पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा
इंदौर। दीपावली पर जहां घरों में पकवान बनाने की तैयारियां चल रही हैं, वहीं घरेलू गैस उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डालने वाले गिरोह का विजय नगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बड़ी भमोरी स्थित एक रिहायशी मकान में घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस चोरी कर अवैध रूप से दूसरी टंकियों में भरने का गोरखधंधा चल रहा था। पुलिस ने दबिश देकर मौके से 49 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं। मामले में मुकेश सुमंत नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी भमोरी में एक मकान के भीतर अवैध गैस रिफिलिंग की जा रही है। इसके बाद एसीपी पराग सैनी के निर्देशन में विजय नगर पुलिस की टीम ने अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान इंडेन, एचपी और भारत गैस कंपनियों के कुल 49 सिलेंडर मिले। इनमें 43 भरे हुए और 6 खाली सिलेंडर थे। पुलिस ने गैस एक टंकी से दूसरी में स्थानांतरित करने वाली इलेक्ट्रिक रिफिलिंग मशीन, दो विशेष उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया।
एक-दो किलो गैस निकालकर बेचते थे
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी भरे हुए घरेलू सिलेंडरों से मशीन के जरिए एक से दो किलो गैस निकालकर दूसरी टंकियों में भरता था। इसके बाद इन सिलेंडरों को जरूरतमंद उपभोक्ताओं को कथित तौर पर अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाया जाता था। इस तरह उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम गैस मिलने के साथ आर्थिक नुकसान भी हो रहा था।
एक चिंगारी बन सकती थी बड़े हादसे की वजह
रिहायशी मकान में इस तरह अवैध गैस रिफिलिंग करना आसपास रहने वाले लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा था। गैस रिसाव या छोटी सी चिंगारी भी बड़े विस्फोट और आगजनी का कारण बन सकती थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह के अनुसार, त्योहार के दौरान आम जनता की सुरक्षा और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।