← वापस
इंदौर

ग्राहक तलाशते दो युवक पकड़े, 30 दुर्लभ कछुए जब्त; कोर्ट में पेश कर वन अभिरक्षा में लिया

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
ग्राहक तलाशते दो युवक पकड़े, 30 दुर्लभ कछुए जब्त; कोर्ट में पेश कर वन अभिरक्षा में लिया

मुसाखेड़ी के रोहन और केशव गिरफ्तार, तीन संरक्षित प्रजातियों के कछुए बरामद; मोबाइल से तस्करी के नेटवर्क का सुराग तलाश रही टीम

इंदौर। दुर्लभ और प्रतिबंधित वन्यजीवों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में राज्य बाघ बल की इंदौर इकाई ने कछुओं की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। टीम ने बुधवार देर रात मुसाखेड़ी निवासी रोहन गौड़ और केशव शर्मा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन दुर्लभ प्रजातियों के 30 कछुए और तीन मोबाइल फोन जब्त किए। दोनों आरोपी कछुओं को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

  वन विभाग के अनुसार, सूचना मिलने के बाद टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि केशव शर्मा ग्राहकों से संपर्क करता था, जबकि रोहन गौड़ कछुओं को ग्राहकों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालता था। दोनों के वन्यजीवों के अवैध व्यापार में शामिल होने की जांच की जा रही है।

       तीन प्रजातियों के कछुए मिले

कार्रवाई के दौरान 14 इंडियन स्टार कछुए, 10 इंडियन रूफ्ड कछुए और 6 स्पॉटेड पौंड कछुए बरामद किए गए। वन विभाग के अनुसार ये सभी प्रजातियां वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित हैं। मामले में वन अपराध क्रमांक 3951/02 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

     कोर्ट में पेश कर वन अभिरक्षा में लिया

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को इंदौर के विशेष न्यायालय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से आरोपियों को वन अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच दल अब यह पता लगाने में जुटा है कि कछुए कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

     तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश

  राज्य बाघ बल विभाग अब आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रहे हैं। टीम यह भी पता लगा रही है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपियों के जब्त मोबाइल फोन से ग्राहकों और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...