← वापस
उज्जैन

गोरकर बंधु हत्याकांड के दो फरार आरोपी मुठभेड़ में घायल  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
गोरकर बंधु हत्याकांड के दो फरार आरोपी मुठभेड़ में घायल

 

पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश; जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र के चर्चित गोरकर बंधु हत्याकांड में करीब एक माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार करोहन गांव में घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक नीलगंगा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते भाजपा नेता दिल्लू पहलवान के दो भतीजों की हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में कुल 14 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। इनमें से 12 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि सोनू पासी और विजय सूर्यवंशी लगातार फरार चल रहे थे।

पुलिस को दोनों के करोहन गांव में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि घिरने पर दोनों आरोपियों ने टीम पर हमला किया और मौके से भागने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि आरोपी सोनू पासी कुख्यात बदमाश है और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...