प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों को दिए निर्देश; जल स्रोत चिह्नित कर पहले से तैयार करें कार्ययोजना, 3 अक्टूबर को सभी जनपदों में लगेंगे शिविर
धार। जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक मंगलवार को प्रभारी मंत्री एवं नगरीय विकास व आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक नीना वर्मा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, वनमंडलाधिकारी विजयानंथम टीआर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदारसिंह मेढ़ा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिले के विकास कार्यों के साथ पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, कृषि और मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय ने बारिश की स्थिति और आगामी रबी सीजन की जानकारी लेते हुए गर्मी में संभावित जल संकट की तैयारियों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी शुरू होने से पहले ही पेयजल व्यवस्था की पुख्ता कार्ययोजना तैयार कर ली जाए, ताकि जिले में पानी की समस्या नहीं आए।
धार एवं बदनावर उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कृषि विभाग ने बताया कि कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों और उपयुक्त किस्मों की जानकारी किसानों को दी जा रही है। विजयवर्गीय ने रबी की चना फसल को लेकर प्रशिक्षण और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
हर योजना में जल स्रोत पहले तय करें
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने नल-जल योजनाओं की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक नल-जल योजना में जल स्रोत और उसकी उपलब्धता को ध्यान में रखकर पहले से योजना बनाई जाए। कलेक्टर ने पेयजल परिरक्षण अधिनियम के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने और संभावित जल स्रोतों को चिह्नित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत सुविधाओं की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने पीपीपी मॉडल पर निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति बताई। जिला आयुष अधिकारी ने चिखलिया में प्रस्तावित आयुर्वेदिक कॉलेज की जानकारी दी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याएं और सुझाव रखे। प्रभारी मंत्री ने योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और विभागीय कार्ययोजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश दिए।

3 अक्टूबर को सभी जनपदों में शिविर
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 7 अगस्त से अभियान चल रहा है। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ शासकीय संस्थाओं और योजनाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। 3 अक्टूबर को जिले के सभी जनपद क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने पर जोर दिया।