← वापस
इंदौर

ग्रीन बेल्ट की दीवार तोड़ी, पेड़-पौधों को नुकसान; निगम ने लगाया 10 लाख का जुर्माना

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
ग्रीन बेल्ट की दीवार तोड़ी, पेड़-पौधों को नुकसान; निगम ने लगाया 10 लाख का जुर्माना

इंदौर। शहर में हरियाली और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाना अब महंगा पड़ेगा। नगर निगम ने ग्रीन बेल्ट की बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त करने और पौधों व वृक्षों को नुकसान पहुंचाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपए का स्पॉट फाइन लगाया है।

     झोन क्रमांक 8 के वार्ड 37 स्थित स्कीम नंबर 94 में प्लॉट क्रमांक 7 बीए (न्यू ईबी25) पर निर्माणाधीन भवन के मालिक द्वारा ग्रीन बेल्ट की बाउंड्रीवॉल को नुकसान पहुंचाने तथा परिसर में लगे पौधों और वृक्षों को काटने की जानकारी निगम को मिली थी।

     मामले की जानकारी मिलते ही जोनल अधिकारी प्रकाश नागर और नियंत्रणकर्ता अधिकारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने निरीक्षण के दौरान मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। निरीक्षण में सामने आए तथ्यों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। आयुक्त क्षितिज सिंघल, प्रभारी जनकार्य एवं उद्यान राजेंद्र राठौर तथा अपर आयुक्त प्रखर सिंह के निर्देश पर संबंधित संजीवनी मित्तल पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।

   निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर के ग्रीन बेल्ट, उद्यान और अन्य हरित क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने नागरिकों से हरियाली की सुरक्षा में सहयोग की अपील भी की है।

खबरें और भी हैं...