← वापस
इंदौर

ग्रीनफील्ड रोड के लिए गणेश मंदिर पर चली जेसीबी, भड़के ग्रामीणों ने रुकवाया काम!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
ग्रीनफील्ड रोड के लिए गणेश मंदिर पर चली जेसीबी, भड़के ग्रामीणों ने रुकवाया काम!

 

बुडानिया में चौड़ीकरण के दौरान बिना सूचना कार्रवाई का आरोप; एसडीएम-पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति,समझाइश के बाद शुरू हुआ यातायात

इंदौर। हातोद मुख्य मार्ग पर ग्रीनफील्ड रोड निर्माण से पहले चल रहे सड़क चौड़ीकरण के काम के दौरान गुरुवार को बुडानिया गांव में विवाद खड़ा हो गया। सड़क किनारे स्थित गणेश मंदिर के हिस्से पर जेसीबी चलाए जाने से ग्रामीण भड़क गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और विरोध जताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि मंदिर हटाने से पहले उन्हें सूचना नहीं दी गई और न ही मंदिर को दूसरी जगह स्थापित करने या उचित मुआवजे को लेकर कोई समाधान किया गया।

   ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि लोगों की आस्था से जुड़े मंदिर को वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना कैसे तोड़ा जा सकता है? उनका कहना था कि मंदिर का कुछ हिस्सा पहले ही तोड़ा जा चुका है,ऐसे में आगे की कार्रवाई से पहले प्रशासन को उनकी आपत्तियों पर स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।

एसडीएम-पुलिस पहुंची, बातचीत के बाद शांत हुआ मामला

विवाद की सूचना मिलते ही हातोद एसडीएम राजेश कुमार सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी आपत्तियां सुनीं। इस दौरान पुलिस के व्यवहार को लेकर भी कुछ ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका कथित आरोप था कि बातचीत का तरीका उचित नहीं था।

    मौके पर अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच चर्चा के बाद तनाव धीरे-धीरे कम हुआ। विरोध कर रहे लोगों के हटने पर इंदौर-हातोद मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही फिर शुरू कराई गई।

मंदिर के भविष्य पर टिकी ग्रामीणों की नजर

फिलहाल मौके पर स्थिति शांत हो गई, लेकिन ग्रामीणों की चिंता मंदिर की आस्था और उसके भविष्य को लेकर बनी हुई है। अब सवाल यह है कि मंदिर को सुरक्षित स्थान पर स्थापित करने, मुआवजे और ग्रामीणों की आपत्तियों पर प्रशासन क्या निर्णय लेता है। सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच आगे क्या समाधान निकलता है, इस पर सबकी नजर है।

खबरें और भी हैं...