इंदौर।शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विकास नगर निवासी राजेंद्र करोले ने आरोप लगाया है कि इंडेन का घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल के दौरान गैस की जगह पानी निकलने लगा। शिकायतों पर समाधान नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ता मंगलवार को जनसुनवाई में सिलेंडर लेकर सीधे कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए और निष्पक्ष जांच की मांग की।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने अप्रैल में श्री छाया गैस एजेंसी से इंडेन का घरेलू सिलेंडर लिया था। कुछ समय बाद सिलेंडर में गड़बड़ी महसूस होने पर उसे जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के पास ले जाया गया। उनका दावा है कि जांच के दौरान सिलेंडर में पानी होने की पुष्टि हुई। इसके बावजूद नया सिलेंडर देने के लिए उनसे अतिरिक्त राशि मांगी जा रही है। उनका कहना है कि गैस कनेक्शन और सिलेंडर दोनों उनके नाम पर हैं, फिर भी उन्हें राहत नहीं मिली।
राजेंद्र करोले ने कलेक्टर से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और बिना अतिरिक्त शुल्क नया सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है। मामले में कलेक्टर शिवम वर्मा ने शिकायत की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
अब तक गैस कम मिलने,वजन में गड़बड़ी या सिलेंडर नहीं मिलने जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं,लेकिन सिलेंडर में पानी भरे होने का आरोप शहर में पहली बार चर्चा का विषय बना है। हालांकि, इस मामले में गैस एजेंसी और इंडेन प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन का कहना है कि शिकायत के सभी तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।