नैनपुर के तस्कर से जुड़े होने की आशंका; पिछले साल भी यहां छापे की जानकारी, वन विभाग खंगाल रहा पूरा नेटवर्क
केवलारी (सिवनी)। वन संपदा की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग की गश्त के दौरान केवलारी-छींदा मार्ग पर सालीवाड़ा के पास सागौन की सिल्लियों से भरी सफेद स्कॉर्पियो जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान चालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर उगली वन परिक्षेत्र के डिपो में खड़ा कराया है। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि सागौन कहां से लाई गई थी और इसकी तस्करी में कौन-कौन शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के बरघाट परियोजना मंडल, सिवनी के अंतर्गत उगली वन परिक्षेत्र की टीम रात्रिकालीन गश्त कर रही थी। इसी दौरान सालीवाड़ा के पास वाहन क्रमांक एमपी 20 सीडी 4517 में अवैध रूप से सागौन की सिल्लियां ले जाते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई में रेंजर शिवभान नागेश्वर, डिप्टी रेंजर संतोष बनवाले और वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
पिछले साल भी छापे की जानकारी
प्रारंभिक जानकारी में स्कॉर्पियो तिवारी नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। वाहन का संबंध नैनपुर के एक कथित तस्कर से होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति के यहां पिछले वर्ष भी छापा पड़ा था। हालांकि, इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
राजसात हो सकता है वाहन
वन विभाग मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और लागू कानूनी प्रावधानों के आधार पर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। अवैध सागौन परिवहन की पुष्टि होने पर संबंधित वाहन को राजसात करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
सिवनी जिले के वन क्षेत्रों में सागौन जैसी कीमती लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी वन संपदा की सुरक्षा के लिए चुनौती है। सालीवाड़ा में हुई इस कार्रवाई के बाद अब वन विभाग की जांच से तस्करी के स्रोत और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी सामने आने की उम्मीद है।