← वापस
इंदौर

गंदे पानी की शिकायत पर एक्शन मोड में निगम आयुक्त, स्नेहलतागंज पहुंचकर रहवासियों से की चर्चा

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
गंदे पानी की शिकायत पर एक्शन मोड में निगम आयुक्त, स्नेहलतागंज पहुंचकर रहवासियों से की चर्चा

बोरिंग के पानी का सैंपल लिया, ड्रेनेज लाइन की सफाई और वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था के दिए निर्देश

इंदौर। स्नेहलतागंज स्थित विशाल पैराडाइज मल्टी में गंदे पानी की शिकायत और रहवासियों के बीमार होने की सूचना पर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने निगम अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण कर रहवासियों से चर्चा की और समस्या के समाधान के लिए तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रहवासियों ने बताया कि नर्मदा का पानी साफ आ रहा है, जबकि पेयजल के लिए उपयोग किए जा रहे निजी बोरिंग का पानी दूषित है। आयुक्त ने बताया कि करीब 18 वर्ष पुराने बोरिंग की केसिंग पाइप में लीकेज की आशंका है। उन्होंने रहवासियों को केसिंग पाइप बदलने की सलाह दी और फिलहाल बोरिंग का पानी उपयोग नहीं करने की समझाइश दी।

आयुक्त के निर्देश पर बोरिंग के पानी का सैंपल जांच के लिए लिया गया। वहीं जोनल अधिकारी राज ठाकुर को आवश्यकता अनुसार ड्रेनेज लाइन का सुधार कार्य कराने और वैकल्पिक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने सेंट्रल जेल के पीछे स्थित ड्रेनेज लाइन की सफाई कराने के साथ जेल प्रशासन से भी चर्चा कर नालियों में कचरा नहीं डालने का आग्रह किया, ताकि जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो। नगर निगम ने जांच रिपोर्ट आने तक क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने की बात कही।

खबरें और भी हैं...