इंदौर। हाई कोर्ट ने शहर के गांधीनगर में एक गरबा पंडाल आयोजकों द्वारा रास्ता रोके जाने पर दायर की गई जनहित याचिका पर फैसला देते हुए वह रास्ता खोलने का निर्देश दिया और पुलिस को हिदायत दी कि ऐसी किसी शिकायत पर कार्रवाई की जाए। लेकिन, बंगाली चौराहे के नजदीक एक माता मंदिर के सामने का रास्ता हर साल नवरात्रि पर 5 से 6 दिन के लिए रोक दिया जाता है।

इससे इस क्षेत्र की कई कॉलोनियों करीब 30 हजार से ज्यादा लोग परेशान हो जाते हैं। यहां की प्रमुख कॉलोनियों गोयल नगर, आशीष नगर, महादेव तोतला नगर, बृजेश्वरी एनएक्स से लगाकर यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए कोई रास्ता नहीं बचता। जो रास्ता बचता है, वह सर्विस रोड है और वहां से निकलना इसलिए मुश्किलें की उसे रांग साइड करार दिया जाता है। ऐसी स्थिति में यह 5-6 दिन इस इलाके के लोगों के लिए बेहद मुश्किल होते हैं। लेकिन, इस पर न तो कभी तिलक नगर पुलिस कार्रवाई करती है न प्रशासन।

इस रास्ते के इस तरह बंद होने की पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। इस साल भी पिछले तीन दिन से रास्ता बंद है और यह नवरात्रि पूरी होने तक रहेगा। यहां कोई गरबा आयोजन नहीं होता, सिर्फ देवी के मंदिर की पूजा होती है और उस पूजा के लिए रास्ता बंद कर दिया जाता है। इससे इस पूरे इलाके के दुकानदार भी परेशान है। क्योंकि, उनका कारोबार इन दिनों में पूरी तरह ठप्प हो जाता है। अब जबकि हाई कोर्ट ने इस तरह रास्ता बंद करके लोगों को परेशान करने वाली कार्रवाई से निजात दिलाई है, तो बंगाली चौराहे के नजदीक के इस आयोजन को भी सीमित किए जाने और रास्ते को बंद करने से रोके जाने की अपील की है।
आयोजकों ने आयोजन के बोर्ड पर विधायक का नाम लिखकर एक तरह से धमकाने की कोशिश की है, ताकि इस रास्ते को खोलने के लिए पुलिस या प्रशासन कार्रवाई न करे। लेकिन, उससे क्षेत्र के हजारों लोगों होने वाली परेशानी की किसी को चिंता नहीं है। यहां के पार्षद राजीव जैन बेहद नाकारा हैं, जो न तो कभी इलाके में दिखाई देते हैं और न कभी किसी समस्या के निराकरण के लिए प्रयास ही करते हैं।