← वापस
भोपाल

गांवों में बिजली कटौती, खाद-बीज की किल्लत; किसान संघ ने दशहरे तक दिया अल्टीमेटम!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
गांवों में बिजली कटौती, खाद-बीज की किल्लत; किसान संघ ने दशहरे तक दिया अल्टीमेटम!

 

समस्याएं नहीं सुलझीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन, 20 से 22 जिलों में सूखे जैसे हालात होने का दावा

भोपाल। प्रदेश में बिजली कटौती, खाद-बीज की कमी, सिंचाई के लिए पानी की किल्लत और फसलों की खरीदी से जुड़ी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने सरकार को आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ ने दशहरे तक समस्याओं का समाधान करने का अल्टीमेटम दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।

भारतीय किसान संघ के प्रदेशाध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने मंगलवार को भोपाल में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि संगठन सरकार से टकराव नहीं, बल्कि बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान चाहता है। मुख्यमंत्री से चर्चा के लिए लगातार संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बातचीत के लिए बुलाएगी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि दशहरे तक समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो संघ आंदोलन करेगा।

रात 10.30 बजे बिजली कटौती से किसान परेशान

किसान संघ ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को लेकर सबसे ज्यादा नाराजगी जताई है। आंजना के मुताबिक, गांवों में रात 10.30 बजे बिजली काट दी जाती है। मेंटेनेंस के नाम पर रात में दो से चार घंटे तक बिजली बंद रहती है। इससे सिंचाई प्रभावित हो रही है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम जनजीवन पर भी असर पड़ रहा है।

खाद के टोकन के बाद भी परेशानी

संघ का आरोप है कि खाद के लिए टोकन लेने के बावजूद किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। इसके साथ ही बीज की उपलब्धता और सिंचाई के लिए पानी की कमी भी चिंता का विषय है। किसान संघ ने प्रदेश के 20 से 22 जिलों में सूखे जैसे हालात होने का दावा किया है। संघ ने सरकार से बिजली, पानी, खाद और बीज की व्यवस्था तत्काल सुधारने तथा फसलों की खरीदी से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

खबरें और भी हैं...