← वापस
दमोह

गोवंश के अवशेष मिलने से दमोह में आक्रोश, बाजार बंद कर सड़कों पर उतरे हिंदू संगठन  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
गोवंश के अवशेष मिलने से दमोह में आक्रोश, बाजार बंद कर सड़कों पर उतरे हिंदू संगठन

 

घंटाघर पर हनुमान चालीसा, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग; कलेक्टर के कार्रवाई के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

दमोह। कोतवाली थाना क्षेत्र के नूरी नगर-सीताबावरी इलाके में शनिवार सुबह गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना से हिंदू संगठनों और गौ भक्तों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद बाजार बंद की अपील की गई। व्यापारी महासंघ के समर्थन के बाद घंटाघर सहित आसपास का बाजार बंद रहा।

बजरिया सात स्थित कसाई मंडी क्षेत्र में अवशेष मिलने की सूचना पर पहुंचे गौ भक्तों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान गौ माता के जयकारे लगाए गए। भागवत आचार्य रसराज महाराज ने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने गौहत्या पर प्रभावी रोक लगाने और अवैध बूचड़खानों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अनुसार एक आरोपी हिरासत में है और तीन संदिग्धों की पहचान की गई है। सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि घटना में इस्तेमाल बताए जा रहे नीले ऑटो के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

विहिप जिलाध्यक्ष अजय खत्री ने बताया कि सीताबावरी में पूर्व की घटना वाली जगह से करीब 200 मीटर दूर खुले मैदान में गौहत्या की सूचना मिली। मौके से एक गाय को बचाया गया, जबकि गर्भवती गाय और उसके बच्चे के अवशेष मिलने की बात कही गई। विरोध में घंटाघर पर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

बाजार बंद कराने के दौरान हिंदू संगठनों और व्यापारी महासंघ के बीच कुछ देर विवाद हुआ, बाद में महासंघ ने बंद का समर्थन कर दिया। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। कलेक्टर ने कसाई मंडी में चिह्नित अतिक्रमण और खुले में मांस बिक्री करने वाली दुकानों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही चौकी प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

खबरें और भी हैं...