कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज
इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, रिफिलिंग और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को खाद्य विभाग ने बड़ी छापामार कार्रवाई की। संयुक्त निरीक्षण दल ने सागौर कुटी स्थित धर्मकुंज गेट के पास एक परिसर पर दबिश देकर अवैध गैस कारोबार का खुलासा किया।
सहायक आपूर्ति अधिकारी एन.एस.मुवेल, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अंकुर गुप्ता और सुचिता दुबे के संयुक्त दल ने मौके पर जांच की। निरीक्षण के दौरान गुलाब शाह द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण एवं कारोबार किया जाना पाया गया। टीम ने मौके से 17 गैस सिलेंडर जब्त किए।
खाद्य विभाग ने आरोपी गुलाब शाह के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और रिफिलिंग जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध गैस कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर संभावित हादसों को रोका जा सके।