इंदौर। संपत्तिकर से जुड़े कामों के लिए अब नगर निगम के दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। नगर निगम ने इंदौर 311 एप पर संपत्तिकर संबंधी नई ऑनलाइन सुविधाएं शुरू की हैं। इसके जरिए नागरिक घर बैठे संपत्ति के दावे-आपत्ति, शिकायत,स्वयं मूल्यांकन और संपत्तिकर खाते में सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव, आयुक्त क्षितिज सिंघल और राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान के निर्देश पर शुरू की गई सुविधा से प्रक्रिया को सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने का दावा किया गया है।
दावे-आपत्ति भी ऑनलाइन: इंदौर 311 एप में संपत्तिकर संबंधी शिकायत के बाद दावे-आपत्ति का विकल्प चुनकर जोन, वार्ड और संबंधित संपत्ति का चयन किया जा सकेगा। नागरिक सही निर्मित क्षेत्रफल और उपयोग का प्रकार दर्ज कर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की स्थिति भी देख सकेंगे।
खुद करें संपत्ति का मूल्यांकन: स्वयं संपत्ति कर मूल्यांकन की सुविधा में मोबाइल नंबर या समग्र पहचान क्रमांक से नया अथवा पहले से दर्ज संपत्तिकर खाता चुना जा सकेगा। भवन या भूमि के उपयोग और क्षेत्रफल की जानकारी भरकर आवेदन जमा किया जा सकेगा।
21 तरह के सुधार की सुविधा: अपनी संपत्ति कर संबंधी सुधार विकल्प में नागरिक संपत्तिकर पहचान क्रमांक दर्ज कर 21 प्रकार के सुधारों में से जरूरत के अनुसार विकल्प चुन सकेंगे। आवश्यक दस्तावेज लगाकर आवेदन ऑनलाइन जमा किया जा सकेगा।
निगम ने नागरिकों से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। इससे संपत्तिकर संबंधी शिकायत और आवेदन की प्रक्रिया घर बैठे पूरी हो सकेगी।