इंदौर। यातायात नियम तोड़ने वाली एक एर्टिगा के चालान लगातार उस व्यक्ति के मोबाइल पर पहुंच रहे थे, जिसकी अपनी कार घर पर खड़ी थी। एक के बाद एक चालान के संदेश आने से परेशान कार मालिक ने यातायात पुलिस से शिकायत की। जांच में सामने आया कि उसकी एर्टिगा का नंबर दूसरी एर्टिगा पर लगाया गया था।
पुलिस ने शिकायत के बाद शहर के अलग-अलग यातायात बिंदुओं पर निगरानी बढ़ाई। निगरानी के दौरान देवगुराड़िया से तीन इमली के बीच संदिग्ध एर्टिगा को रोक लिया गया। कार चला रहे व्यक्ति की पहचान दिनेश कुशवाह निवासी सोनकच्छ, देवास के रूप में हुई। वह वाहन चालक है।
जांच में कार पर उसकी मूल नंबर प्लेट नहीं मिली। आरोपी के पास तीन अलग-अलग नंबर प्लेट मिलीं। इनमें एक उसकी कार की मूल प्लेट, दूसरी छेड़छाड़ की गई प्लेट और तीसरी सोनू परमार की एर्टिगा की नंबर प्लेट थी। इसी नंबर का इस्तेमाल होने से यातायात नियमों के उल्लंघन के चालान सोनू के मोबाइल पर पहुंच रहे थे।
सोनू ने चालान में दर्ज स्थान देखे तो उसे संदेह हुआ, क्योंकि उसकी कार उन स्थानों पर गई ही नहीं थी। शिकायत के बाद पुलिस ने उस नंबर वाली कार पर नजर रखी और उसे पकड़ लिया।
किश्तें बाकी थीं, जब्ती के डर से बदला नंबर
प्रारंभिक पूछताछ में दिनेश ने बताया कि उसकी कार की कुछ किस्तें बाकी थीं। उसे आशंका थी कि वित्त कंपनी के कर्मचारी कार जब्त कर सकते हैं। इसी डर से उसने असली नंबर प्लेट हटाकर दूसरी गाड़ी का नंबर लगा लिया।
पुलिस अब पता लगा रही है कि नंबर प्लेट कहां तैयार हुई, आरोपी ने इसका इस्तेमाल कब से किया और इस नंबर से अब तक कितने चालान कटे हैं। मामले में मोटर वाहन अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।