जिराबाग पैलेस परिसर में ताला तोड़कर वारदात, महंगी हाईब्रिड नस्ल के पशुओं को ही बनाया निशाना; पुलिस को संगठित गिरोह पर शक
धार। शहर के जिराबाग पैलेस परिसर स्थित हाईटेक गोट (बकरी) फार्म में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब 10 लाख रुपये कीमत के अफ्रीकन बोर, क्रॉस बोर और बरबरी नस्ल के 16 बकरा-बकरियां चोरी कर लिए। बदमाश देर रात फार्म का ताला तोड़कर अंदर घुसे और केवल महंगी हाईब्रिड नस्ल के पशुओं को लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फार्म मैनेजर उमेश मिश्रा ने बताया कि 30 जुलाई की रात फार्म बंद कर ताला लगाया गया था। 31 जुलाई की सुबह जब वे पहुंचे तो हॉल का ताला टूटा मिला। अंदर देखा तो कुल 16 नस्लीय बकरा-बकरियां गायब थीं। फार्म में करीब 50 उच्च नस्ल के पशु मौजूद थे, लेकिन चोर केवल सबसे महंगी नस्ल के पशु ही ले गए, जिससे अंदेशा है कि उन्हें पहले से फार्म और पशुओं की जानकारी थी।
पुलिस ने (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में किसी स्थानीय या अंतरराज्यीय संगठित गिरोह की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, फार्म मालिक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।