← वापस
इंदौर

होलकर प्रतिमा पर फिर शुरू हुआ पुराना प्रयोग, रोटरी बंद होने से कनाड़िया रोड पर लंबा जाम, कई कॉलोनियों के रहवासी परेशान!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
होलकर प्रतिमा पर फिर शुरू हुआ पुराना प्रयोग, रोटरी बंद होने से कनाड़िया रोड पर लंबा जाम, कई कॉलोनियों के रहवासी परेशान!  

बिना ट्रैफिक जवानों की तैनाती के किए जा रहे नए प्रयोगों से बदहाल हुई व्यवस्था

 इंदौर। बंगाली चौराहे से कनाड़िया रोड बायपास की ओर जाने वाले रास्ते पर एक बार फिर यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई है। ट्रैफिक पुलिस ने होलकर प्रतिमा के पास बनाई गई अस्थाई रोटरी को अचानक बंद कर दिया है। इस पुराने प्रयोग को दोबारा लागू करने से सड़क की दूसरी तरफ स्थित आशीष नगर, महादेव तोतला और गोयल नगर जैसी कॉलोनियों के रहवासियों के लिए आवाजाही बेहद कठिन हो गई है। चौराहे पर बिना पूर्व सूचना के किए गए इस बदलाव से वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

      नई व्यवस्था के तहत बंगाली चौराहे से कनाड़िया रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को होलकर प्रतिमा से लगभग 100 मीटर आगे बैंक ऑफ महाराष्ट्र के सामने भेजा जा रहा है। वहां से वाहन मोड़कर अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं, जिससे उस बिंदु पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग रही हैं। जिन वाहनों को बिचौली रोड की तरफ जाना है, वे प्रतिमा के पीछे वाले रास्ते का उपयोग कर सकते थे, लेकिन पहले रोटरी के प्रयोग के समय बंद किया गया यह रास्ता आज तक नहीं खोला गया है। पिछले 3 महीनों से अस्थाई रोटरी से यातायात कुछ हद तक सुचारू चल रहा था, हालांकि शाम 6 बजे से रात 9 बजे के बीच स्थितियां बिगड़ने लगती थीं। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस बिना किसी मैदानी परीक्षण या जवानों की सही तैनाती के यह प्रयोग दोहरा रही है, जिसका असर बंगाली चौराहे के काफी पीछे तक दिखाई दे रहा है।

       सिटी बसें जाम का बड़ा कारण

      इस जाम की गंभीर समस्या में सबसे बड़ी भूमिका सिटी बसों की मनमानी की है। खजराना से पिपलियाहाना की ओर जाने वाली सिटी बसें रेड लाइट की परवाह किए बिना बंगाली चौराहा पार करती हैं और आगे सर्विस रोड पर आड़ी-तिरछी खड़ी हो जाती हैं। कई बार चालक बस रोककर चाय पीने चले जाते हैं और पीछे गाड़ियों की लंबी कतार लग जाती है। चौराहे पर पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालने के बजाय केवल चालान काटने के लिए किसी कोने में खड़े नज़र आते हैं। इसके अलावा बंगाली चौराहे से होलकर प्रतिमा तक सड़क किनारे खड़े रहने वाले वाहन और फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण भी इस दैनिक जाम का मुख्य कारण बन चुका है, जिस पर पुलिस और प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।

खबरें और भी हैं...