← वापस
मध्यप्रदेश

हरदा-भोपाल जा रही बस पर 25 लोगों का हमला! चालक-परिचालक को पीटा, 12 हजार रुपए छीनने का आरोप!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
हरदा-भोपाल जा रही बस पर 25 लोगों का हमला! चालक-परिचालक को पीटा, 12 हजार रुपए छीनने का आरोप!

 

रेहटी के बोरी गांव में आधे घंटे तक रोकी बस, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की भी शिकायत; घटना का वीडियो वायरल

सीहोर/बुधनी। हरदा से भोपाल जा रही यात्री बस पर बुधवार हमले का मामला सामने आया है। सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में रेहटी के बोरी गांव स्थित काला गेट के पास 20 से 25 लोगों ने कथित तौर पर बस रोककर चालक और परिचालक के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने करीब आधे घंटे तक बस को रोके रखा, परिचालक से बस के हिसाब के 12 हजार रुपए छीन लिए और पत्थर फेंककर बस में तोड़फोड़ भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

 आधे घंटे तक सड़क पर रुकी रही बस, यात्रियों में दहशत

जानकारी के अनुसार, इंदिरा बस सर्विस की यात्री बस बुधवार सुबह करीब 10 बजे हरदा से यात्रियों को लेकर भोपाल जा रही थी। इसी दौरान बोरी गांव के काला गेट के पास कुछ लोगों ने बस को रोक लिया। आरोप है कि देखते ही देखते 20 से 25 लोग मौके पर पहुंच गए और चालक-परिचालक के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान बस पर पत्थर फेंकने और तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई है।

घटनाक्रम करीब आधे घंटे तक चलने का आरोप है। अचानक हुए इस उपद्रव से बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। मार्ग पर बस रुकने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने यात्री बसों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

   परिचालक के 12 हजार रुपए छीनने का आरोप

बस कर्मचारियों का आरोप है कि मारपीट और हंगामे के दौरान परिचालक के पास मौजूद बस के हिसाब के करीब 12 हजार रुपए भी छीन लिए गए। घटना से जुड़े विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए  जो सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह और विवाद की शुरुआत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

    रेहटी थाने में शिकायत, पुलिस कार्रवाई पर नजर

जानकारी के मुताबिक,बस मालिक की ओर से रेहटी थाने में शिकायत की गई है। आरोपियों की पहचान,मारपीट और रुपए छीनने के आरोपों की पुष्टि तथा मामले में दर्ज प्रकरण की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

खबरें और भी हैं...