← वापस
दमोह

हूटर का रौब सड़क पर नहीं चला: पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की स्कॉर्पियो पर 3 हजार का चालान

शरद गर्ग
शरद गर्ग
हूटर का रौब सड़क पर नहीं चला: पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की स्कॉर्पियो पर 3 हजार का चालान

एसपी के विशेष अभियान में अवैध हूटर उतरवाया, पुलिसकर्मियों पर भी हुई कार्रवाई; संदेश- कानून सबके लिए बराबर

     दमोह। जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर मंगलवार को चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने साफ संदेश दिया कि कानून के सामने कोई भी वीआईपी नहीं है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में जबलपुर नाका स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर वाहन जांच के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल की सफेद स्कॉर्पियो (एमपी-04-जेडयू-2478) में नियम विरुद्ध हूटर लगा मिला। यातायात पुलिस ने तत्काल वाहन से अवैध हूटर हटवाया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत 3 हजार रुपए का चालान किया।

     कार्रवाई के बाद शिवचरण पटेल ने पुलिस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यातायात नियम सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होते हैं। उन्होंने मौके पर चालान जमा कराया और वाहन से हूटर भी हटवा दिया।

       विशेष अभियान के दौरान यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को, उप निरीक्षक आकांक्षा जोशी एवं उनकी टीम हेलमेट, सीट बेल्ट, अवैध हूटर, फर्जी नेम प्लेट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच कर रही थी। इस दौरान कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी बिना हेलमेट तथा बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध भी नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।

      अभियान के बाद यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। अवैध हूटर, फर्जी नेम प्लेट, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर अनुशासन और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून का पालन कराने में किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। अभियान के दौरान हुई कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया कि सड़क पर प्रभाव या पद नहीं, बल्कि कानून का राज चलेगा।

खबरें और भी हैं...