28 से 30 सितंबर की तीन दिनी हड़ताल के बीच लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति
इंदौर। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल से पहले रविवार को शहर की बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज हुआ। लगातार अवकाश के कारण ग्राहकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने रविवार को शाखाएं खोलकर नियमित सेवाएं उपलब्ध कराईं। इससे खाताधारकों को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने के लिए अतिरिक्त दिन मिल गया।
शनिवार-रविवार के नियमित अवकाश के बाद सोमवार से बुधवार तक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी। ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए केंद्र सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से रविवार को शाखाएं संचालित करने का आग्रह किया था। बैंक कर्मचारी संगठनों की सहमति के बाद रविवार को कामकाज किया गया।
सुबह निर्धारित समय पर शहर की विभिन्न शाखाओं में कर्मचारी पहुंचे और ग्राहकों के जरूरी काम निपटाए। खातों से जुड़े कार्यों के साथ जमा-निकासी सहित शाखा स्तर की उपलब्ध सेवाओं का लाभ ग्राहकों ने लिया। हालांकि सोमवार से शुरू होने वाली हड़ताल के दौरान शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित रहेगा।
ग्राहकों को मोबाइल संदेश से दी जानकारी
रविवार को बैंक खुले रहने की सूचना खाताधारकों तक पहुंचाने के लिए संबंधित बैंकों ने पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर संदेश भेजे। ग्राहकों को जरूरी काम रविवार को ही पूरा करने की जानकारी दी गई। इससे हड़ताल से पहले कई लोगों ने अपने लंबित बैंकिंग कार्य निपटाए।
व्यापारियों को भी मिला अतिरिक्त मौका
विशेष बैंकिंग व्यवस्था से कारोबारियों को भी राहत मिली। तीन दिन बैंक बंद रहने से भुगतान, जमा-निकासी और अन्य जरूरी काम प्रभावित होने की आशंका थी। रविवार को शाखाएं खुलने से व्यापारियों ने अपने लंबित कार्य पूरे कराए। अब सोमवार से बुधवार तक प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नियमित सेवाएं प्रभावित रहेंगी।