इंदौर। एमडी ड्रग्स की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने एमआर-4 रोड पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इंदौर स्टील कंपनी के सामने चेकिंग के दौरान महिंद्रा इलेक्ट्रिक ऑटो में संदिग्ध हालत में बैठे शादाब खान निवासी खजराना और साहिद अली शाह निवासी चंदन नगर को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर ऑटो के डैशबोर्ड से 14.9 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पुलिस ने ड्रग्स की अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपए और इलेक्ट्रिक ऑटो की कीमत 1.50 लाख रुपए बताई है। कुल 2.90 लाख रुपए का माल जब्त किया गया। दोनों के खिलाफ अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक शादाब आठवीं तक पढ़ा है और ई-रिक्शा चलाता है,जबकि साहिद दसवीं तक शिक्षित है और चूड़ियां बनाने का काम करता है। साहिद के खिलाफ पहले से चंदन नगर थाने में प्रकरण दर्ज है। पूछताछ में ड्रग्स के स्रोत,सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार इस साल अब तक 69 मामलों में 145 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।