रेलवे स्टेशन से घर तक पीछा कर बनाया निशाना, यूपी का सरगना वारदात के बाद लौट जाता था; कई मामलों का खुलासा होने की उम्मीद
इंदौर। शहर में ई-रिक्शा यात्रियों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का लसूड़िया पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया सामान बरामद किया है। गिरोह का सरगना उत्तर प्रदेश के बिजनौर का निवासी है,जो वारदात को अंजाम देने के बाद अपने राज्य लौट जाता था।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को एक परिवार रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा में बैठकर लसूड़िया स्थित अपने घर पहुंचा था। घर पहुंचने के बाद युवती ने सूटकेस खोला तो उसमें रखे सोने के जेवर और नकदी गायब मिले। शिकायत दर्ज होने के बाद लसूड़िया थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस के सामने एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ, जो ई-रिक्शा में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना महबूब,मोहम्मद रियाज,कमल किशोर तथा ई-रिक्शा चालक जितेंद्र उर्फ तालू जोशी सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से चोरी का माल बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और प्रदेश के बाहर फैले नेटवर्क की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में चोरी की कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है।