← वापस
इंदौर

इंस्टाग्राम लिंक पर क्लिक किया, 1.89 लाख साफ; शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 6 किस्तों में ठगी  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंस्टाग्राम लिंक पर क्लिक किया, 1.89 लाख साफ; शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 6 किस्तों में ठगी

 

इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र के नूरानी नगर में शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक युवक से 1 लाख 89 हजार 863 रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने इंस्टाग्राम पर भेजे गए लिंक के जरिए खाते से छह अलग-अलग किस्तों में रकम निकाल ली। हैरानी की बात यह रही कि पहली तीन कटौतियों के समय मोबाइल पर कोई संदेश भी नहीं आया।

   पुलिस के अनुसार फरियादी सब्बी हुसैन पिता अब्दुल काजी ने शिकायत में बताया कि 11 अगस्त की शाम उनके इंस्टाग्राम खाते पर शेयर बाजार में निवेश और मुनाफे से संबंधित लिंक आया था। लिंक खोलने के बाद उनके खाते से तीन बार रकम कट गई। पहली बार 20 हजार, दूसरी बार 48 हजार और तीसरी बार 26 हजार रुपए निकाले गए।

  इसके बाद 13 अगस्त की शाम खाते से तीन और लेन-देन हुए। इनमें 25,997, 48,556 और 19,860 रुपए निकाल लिए गए। इस तरह कुल 1,89,863 रुपए खाते से पार हो गए। लगातार रकम कटने के बावजूद जब कोई मुनाफा नहीं मिला तो फरियादी को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने बैंक और पुलिस से संपर्क किया।

  चंदन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया के निर्देशन में पुलिस लेन-देन, लिंक और खाते से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...