← वापस
धार

इंदौर जा रहा 10 टन बबूल से भरा आयशर जब्त, मुसावदा में कहां खप रही अवैध लकड़ी?  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर जा रहा 10 टन बबूल से भरा आयशर जब्त, मुसावदा में कहां खप रही अवैध लकड़ी?

 

नागदा फाटा पर वन विभाग की दबिश; चालक के पास ट्रांजिट पास नहीं, बेरछा से मुसावदा ले जाने की बात—आरा मशीनों तक जांच पहुंचाने की जरूरत

धार। इंदौर की ओर जा रहे आयशर वाहन में करीब 9 से 10 टन बबूल की लकड़ी के गुल्ले मिलने के बाद वन विभाग की कार्रवाई ने मुसावदा में लकड़ी के कारोबार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 13 अक्टूबर की रात नागदा फाटा पर पकड़े गए वाहन के चालक के पास लकड़ी के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज और ट्रांजिट पास नहीं मिले। विभाग ने वाहन जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

वन विभाग के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना पर रात करीब 9:30 बजे टीम ने वाहन क्रमांक एमपी-13-जेडजी-2233 को रोककर तलाशी ली। चालक मुंशी पिता नत्थू राम, निवासी सरवानिया, तहसील धार ने बताया कि लकड़ी बेरछा गांव के पास से भरकर मयूर ढाबा, मुसावदा ले जाई जा रही थी। वाहन को जब्त कर धार रेस्ट हाउस परिसर में रखवाया गया और पंचनामा बनाया गया।

सिर्फ वाहन जब्ती नहीं, पूरे नेटवर्क की जांच हो

सबसे अहम सवाल यह है कि लकड़ी कहां से काटी गई, किसने भरवाई और मुसावदा में किसके पास पहुंचाई जानी थी? जांच केवल वाहन और चालक तक सीमित रही तो अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचना मुश्किल होगा। संबंधित आरा मशीनों, लकड़ी के स्रोत और कारोबार से जुड़े लोगों की पड़ताल भी जरूरी है। साथ ही यह स्पष्ट होना चाहिए कि क्षेत्र में अवैध कटाई और परिवहन रोकने के लिए वन विभाग ने पहले क्या कार्रवाई की। यदि निगरानी में लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।

खबरें और भी हैं...