बेंगलुरु। पास स्थित शिवगंगे पहाड़ियों पर ट्रेकिंग के लिए गया 31 साल का अद्वैत उपाध्याय संदिग्ध हालात में लापता हो गया। मूल रूप से इंदौर का रहने वाला अद्वैत बेंगलुरु के बेगुर इलाके में रहता है और वहां एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है। शुक्रवार सुबह पहाड़ी की तरफ जाने के बाद से उसका कुछ पता नहीं चल सका, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने इलाके में बड़े स्तर पर खोजबीन शुरू कर दी।
किराए की बाइक से पहुंचे थे पहाड़ी
शुक्रवार को सफर पर निकलने से पहले अद्वैत ने अपनी मंगेतर को फोन कर ट्रेकिंग प्लान की जानकारी दी थी। यात्रा के लिए उसने एक बाइक किराए पर ली थी। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वह नेलामंगला क्षेत्र में स्थित शिवगंगे पहाड़ी के निचले हिस्से में पहुंचा। वहां अपनी बाइक पार्क करके वह ऊपर की ओर चढ़ने लगा। पहाड़ी के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी वह सुबह 6:30 बजे ऊपर की तरफ जाता हुआ दिखाई दिया।
फोन बंद आने से परिजनों को अनहोनी का डर
पहाड़ी पर पहुंचने के बाद से ही अद्वैत का मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। इस वजह से उसके परिवार वाले काफी चिंतित हैं। परिजनों को आशंका है कि सुनसान रास्ता देखकर रास्ते में किसी ने उसके साथ लूटपाट की होगी या फिर उसका अपहरण कर लिया होगा। घटना की जानकारी मिलते ही कडुगोडी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया गया है।
घने पहाड़ी इलाके में डॉग स्क्वायड तैनात
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की टीमों ने शिवगंगे और आसपास के जंगलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। तलाश में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में किसी हादसे, किडनैपिंग या राहजनी समेत सभी संभावित बिंदुओं पर बारीकी से काम किया जा रहा है।