← वापस
इंदौर

इंदौर की लकड़ी मंडी में चलता रहा ‘कबूतर टीपी’ का खेल!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
इंदौर की लकड़ी मंडी में चलता रहा ‘कबूतर टीपी’ का खेल!

 

नाकों से निकलते रहे लकड़ी से भरे वाहन, मंडी में होती रही इंट्री; आरा मशीनों तक पहुंचने के बाद सामने आता था टीपी का खेल

इंदौर। मध्यप्रदेश की चर्चित इंदौर लकड़ी मंडी में ‘कबूतर टीपी’ के खेल की चर्चा लंबे समय से होती रही है। सवाल यह है कि आखिर ‘कबूतर टीपी’ है क्या?मंडी सूत्रों के मुताबिक,अवैध तरीके से काटकर लाई गई लकड़ी से भरे वाहन में मध्यप्रदेश की लकड़ी रहती थी, जबकि उसके साथ लगी टीपी तेलंगाना,गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के कई जिलों—उज्जैन, देवास,बालाघाट, सीहोर और अन्य जिलों—से दूसरे स्थान की होती थी। यानी कागज किसी और स्थान का और लकड़ी किसी अन्य क्षेत्र की। इसी तरह की टीपी को कथित तौर पर ‘कबूतर टीपी’ कहा जाता था।

इस पूरे खेल को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते रहे हैं। हालांकि,इन आरोपों और चर्चाओं की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकती है। 21-8- 2026 को राज्यस्तरीय उड़नदस्ते की इंदौर में हुई कार्रवाई के बाद एक बार फिर इस कथित नेटवर्क की चर्चा तेज हो गई। उड़नदस्ते ने लकड़ी से भरे दो संदिग्ध वाहनों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि इस खेल में लकड़ी मंडी से जुड़ा एक सफेदपोश दलाल जो महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।

        नाकों से शुरू होता था कथित खेल

चर्चा के अनुसार, कबूतर टीपी वाले वाहनों का सफर वन विभाग के नाकों से शुरू होता था। लकड़ी से भरा वाहन जब नाके पर पहुंचता था तो आरोप है कि सेवा शुल्क के बदले उसे आगे जाने दिया जाता था। इसके बाद वाहन एक नहीं, बल्कि कई नाकों से गुजरते हुए इंदौर की लकड़ी मंडी तक पहुंचता था।

यहां सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि वाहन लकड़ी से भरा था और उसकी टीपी किसी अन्य स्थान की थी तो नाकों पर दस्तावेजों की जांच किस स्तर पर होती थी? क्या वाहनों में मौजूद लकड़ी और टीपी का मिलान किया जाता था? यदि जांच होती थी तो कथित रूप से ऐसे वाहन आगे कैसे निकलते रहे?

      मंडी पहुंचते ही बदल जाता था खेल

इंदौर की लकड़ी मंडी पहुंचने के बाद कथित खेल का दूसरा चरण शुरू होता था। बताया जाता है कि मंडी में वन विभाग का कोई कर्मचारी नियमित रूप से मौजूद नहीं रहता था। विभाग की ओर से एक निजी व्यक्ति को वाहनों की इंट्री का काम सौंपे जाने की बात कही जाती है।

वाहन की इंट्री के बाद संबंधित व्यक्ति वहां से चला जाता था। इसके बाद वाहनों में भरी लकड़ी की दलालों द्वारा नीलामी होती थी। नीलामी के बाद यही लकड़ी आरा मशीनों तक पहुंचती और गोल लकड़ियों को काटकर गुटकों तथा फाचरों में बदल दिया जाता था।

यानी सवाल यह भी है कि अवैध लकड़ी के मंडी में प्रवेश से लेकर उसकी नीलामी और फिर आरा मशीन तक पहुंचने के बीच वन विभाग की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी थी?

      शाम को आती थी ‘सरेंडर टीपी’

इसके बाद कथित तौर पर शाम के समय एक वनरक्षक ‘सरेंडर टीपी’ लेने पहुंचता था। आरोप है कि इन टीपी की प्रभावी जांच नहीं की जाती थी। चर्चा यह भी है कि इसके एवज में सेवा शुल्क लिया जाता था और संबंधित रेंज तथा डिवीजन में बैठे अधिकारियों तक इसकी जानकारी पहुंचती थी? कबूतर टीपी को सरेंडर करने के बाद दलालों द्वारा मध्यप्रदेश के बाहर बेशकिमती लकड़ियों को खपाया जाता था।

यदि ऐसा था तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि एक ही तरह की कबूतर टीपी बार-बार सामने आने के बावजूद विभागीय स्तर पर कोई संदेह क्यों नहीं हुआ? क्या टीपी के रिकॉर्ड का मिलान लकड़ी के वास्तविक स्रोत से किया गया?

       2023 से उठते रहे सवाल

राजवाड़ा दर्पण वर्ष 2023 से लगातार इंदौर की लकड़ी मंडी में कथित ‘कबूतर टीपी’ के खेल को लेकर खबरें प्रकाशित करता रहा है। वर्ष 2024 में दो फर्जी कबूतर टीपी वाले वाहन पकड़े जाने और जब्त किए जाने की कार्रवाई भी हुई थी?। 

इसके बाद भी मंडी में फर्जी टीपी वाले वाहनों के आने की शिकायतें सामने आती रहीं। आरोप है कि स्थानीय वन विभाग ने इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की गंभीर कोशिश नहीं की। अब राज्यस्तरीय उड़नदस्ते की कार्रवाई के बाद सवाल फिर खड़ा हो गया है कि आखिर इतने वर्षों से चल रही कबूतर टीपी की चर्चाओं पर स्थानीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

सबसे बड़ा सवाल : छोटे मोहरों पर कार्रवाई या पूरे नेटवर्क की जांच?

इस पूरे मामले में अब चर्चाओं का दौर शुरू हो चूका है की लकड़ी मंडी में करीब 3 से 4 हजार कबूतर टीपी आई है?। यदि भोपाल स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच की जाए तों कबूतर टीपी का अंतर्राज्यीय रेकेट का पर्दाफाश हो जाएगा और लकड़ी के स्रोत और दस्तावेजों में अंतर सामने आता है तो उस वाहन से जुड़े लोगों से लेकर टीपी जारी करने वाले स्रोत,मंडी में इंट्री करने वाले व्यक्ति,संबंधित आरा मशीन और कथित सफेदपोश दलाल नेटवर्क तक जांच पहुंच जाएंगी।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जांच केवल पकड़े गए वाहनों और छोटे स्तर के लोगों तक सीमित रहेगी या इस कथित नेटवर्क के पीछे मौजूद लोगों की भूमिका भी सामने आएगी? क्योंकि पहले भी इंदौर वन विभाग ने कबूतर टीपी के एक कुख्यात वन माफिया को सुमोटो में बचाया था?

साथ ही यह भी जांच का विषय है कि वन विभाग के किन नाकों से ये वाहन गुजरे,वहां क्या रिकॉर्ड दर्ज हुआ,टीपी की जांच किसने की और मंडी में उनकी इंट्री किसके माध्यम से हुई।

       चर्चा में ‘कबूतर टीपी’ का नेटवर्क

तेलंगाना,गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के कई जिलों से ‘कबूतर टीपी’ के जरिए इंदौर लकड़ी मंडी में लकड़ी लाई जाती थी, ऐसी चर्चा है। वहीं मध्यप्रदेश की टीपी राज्य के बाहर और प्रदेश के कई जिलों से इंदौर भेजे जाने की भी चर्चा है। मंडी में चर्चा है कि इस ‘कबूतर टीपी’ रैकेट से वन विभाग के कुछ कर्मचारी और अधिकारी भी लाभ लेते थे। ‘कबूतर टीपी’ को लेकर ऐसी चर्चाएं इन दिनों लकड़ी मंडी में चल रही हैं।

अब देखना यह है कि राज्यस्तरीय उड़नदस्ते की कार्रवाई के बाद जांच कितनी गहराई तक जाती है। क्या ‘कबूतर टीपी’ के कथित पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा या कार्रवाई फिर कुछ छोटे-मोटे वन माफियाओं तक सिमटकर रह जाएगी?

फ़ोटो एआई द्वारा निर्मित 

खबरें और भी हैं...